संतोष गोस्वामी

भोरासा। शराब ठेकेदार द्वारा अपनी मनमानी कर सुप्रीम कोर्ट व शासन को अंगूठा दिखाते हुए हाईवे पर अपनी दुकान लगा ली है, जबकि नियम अनुसार हाईवे से 500 मीटर अंदर होना चाहिए। पूर्व में 500 मीटर अंदर ही दुकान लगी थी, किंतु शराब ठेकेदार द्वारा कानून कायदे को अपनी जेब में रखकर दुकान हाईवे के किनारे लगा ली है। जिससे आए दिन दुर्घटना का भय बना रहता है। जिस जगह दुकान लगी है, वहां पर भौरासा नगर के लिए आने का रास्ता है और आसपास कम से कम 25 से 30 गांव लगते हैं। जहां पर आम जनता आने-जाने के लिए बसों में उतरती चढ़ती है। जिससे आम जनता का जीना दुश्वार हो जाएगा। यहां आए दिन दुर्घटना होती रहती हैं। देवास से आने वाले वाहन भौरासा से जाने वाले वाहन वाले को नहीं दिखाई देते है। जिससे आए दिन भौरासा फाटे पर दुघर्टना का भय रहता है। भोरासा फाटा जो कि दुर्घटना जोन है यहां पर अक्सर वाहन दुर्घटनाएं होती रहती है। लोगों में शराब दुकान को लेकर भारी आक्रोश है।
शराब दुकान के सामने वहां खड़े होने के कारण आए दिन दुर्घटना का भय बना रहता है। इसलिए नगर व आसपास के लोगों ने शराब दुकान को 500 मीटर अंदर लगाने की मांग देवास कलेक्टर एवं शासन से की है। जिस जगह शराब दुकान लगाई जा रही है उस जगह का डायवर्जन होना जरुरी है। साथ ही संबंधित नगर परिषद से एनोसी लेना भी अनिवार्य है, परन्तु ठेकेदार द्वारा सारे नियमो को ताक पर रख कर शराब दुकान का शुभारंभ कर दिया गया है। जो नियम विरुद्ध है। अब देखने वाली बात है की शासन प्रशासन ठेकेदार के खिलाफ क्या कार्रवाई करता है। दुकान अगर पीछे नहीं लगी तो क्षैत्र के लोगों ने आंदोलन करने का मन बना लिया है।
क्या कहते हैं जिम्मेदार
इस संबंध में मुख्य नगर पालिका अधिकारी सुश्री प्रमीला ठाकुर से चर्चा की गई तो उनका कहना है कि इस संबंध में मुझे कोई जानकारी नहीं है और ना ही नगर परिषद में इस संबंध में कोई आवेदन प्राप्त हुआ है।
नायब तहसीलदार राजभान सिंह कुशवाह से चर्चा की गई तो उनका कहना था कि मुझे इस संबंध में कोई जानकारी नहीं है और मेरी ड्यूटी फ्लाइंग स्क्वायड में लगा रखी है इस समय में पिपलरावा गंधर्वपुरी पूरे दौरे पर हूं।
भोरासा थाना प्रभारी केके सिंह से चर्चा की गई तो उनका कहना है कि मुझे इस संबंध में अभी कोई जानकारी नहीं है मैं इस मामले में दिखाता हूं।
इस संबंध में सोनकच्छ एसडीएम अंकिता जैन से जब चर्चा की गई तो उनका कहना था कि मुझे आपके द्वारा ही ज्ञात हुआ है कि शराब की दुकान हाईवे लग रही है बड़ा थाना प्रभारी से चर्चा कर पूरी जानकारी लेकर आपको बताती हूं।
