
प्रदेश कांग्रेस कार्यालय के बाहर लगा पोस्टर- ‘मध्यप्रदेश की मजबूरी है, नकुलनाथ जरूरी है’; 2028 के नेतृत्व को लेकर पहले से जारी चर्चाओं के बीच बढ़ी राजनीतिक हलचल
भोपाल। मध्यप्रदेश कांग्रेस में 2028 के विधानसभा चुनाव से पहले नेतृत्व और राजनीतिक प्रभाव को लेकर अंदरूनी हलचल तेज होती नजर आ रही है। पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के बेटे और छिंदवाड़ा के पूर्व सांसद नकुलनाथ एक बार फिर प्रदेश की सियासत के केंद्र में हैं। भोपाल में उनके प्रस्तावित दीपावली मिलन समारोह से पहले प्रदेश कांग्रेस कार्यालय के बाहर लगा एक पोस्टर अब पार्टी के भीतर नए सियासी संदेश के रूप में देखा जा रहा है।
पोस्टर पर बड़े अक्षरों में लिखा है- ‘मध्यप्रदेश की मजबूरी है, नकुलनाथ जरूरी है।’ इस नारे ने कांग्रेस के अंदर नेतृत्व को लेकर चल रही चर्चाओं को एक बार फिर हवा दे दी है। सवाल उठने लगे हैं कि क्या नकुलनाथ प्रदेश की राजनीति में अपनी सक्रियता बढ़ाने की तैयारी में हैं या उनके समर्थक उनके लिए बड़ी भूमिका की जमीन तैयार कर रहे हैं?

पटवारी-सिंघार के नेतृत्व पर दिग्विजय के बयान के बीच पोस्टर

नकुलनाथ के समर्थन में लगा यह पोस्टर ऐसे समय सामने आया है, जब कुछ दिन पहले ही पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने स्पष्ट कहा था कि कांग्रेस 2028 का विधानसभा चुनाव प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी और नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के नेतृत्व में लड़ेगी।
दिग्विजय सिंह के इस बयान को पार्टी के मौजूदा नेतृत्व के समर्थन के तौर पर देखा गया था। लेकिन अब प्रदेश कांग्रेस कार्यालय के बाहर नकुलनाथ के समर्थन में लगे पोस्टर ने पार्टी के भीतर नेतृत्व और भविष्य की भूमिका को लेकर नई बहस छेड़ दी है। हालांकि, पोस्टर किसने लगवाया है और इसके पीछे पार्टी के किसी अधिकृत गुट की भूमिका है या नहीं, यह स्पष्ट नहीं है।
कांग्रेस बोली- नकुलनाथ पहले से सक्रिय, री-लॉन्चिंग जैसी बात नहीं
नकुलनाथ के कार्यक्रम और पोस्टर को लेकर उठ रहे सवालों पर कांग्रेस के एक नेता का कहना है कि राजनीति में री-लॉन्चिंग जैसी कोई बात नहीं होती। नकुलनाथ पहले भी सांसद रह चुके हैं और लगातार सक्रिय राजनीति कर रहे हैं। कांग्रेस के मुताबिक, वह महाकौशल क्षेत्र के साथ दिल्ली में भी संगठन से जुड़े काम देखते हैं।
पार्टी के इस तर्क के बावजूद पोस्टर में इस्तेमाल किए गए नारे ने राजनीतिक चर्चाओं को और दिलचस्प बना दिया है। खासकर इसलिए क्योंकि यह संदेश किसी सामान्य स्वागत या दीपावली मिलन तक सीमित नहीं, बल्कि नकुलनाथ को प्रदेश की राजनीति की जरूरत बताने वाला है।
2019 में बने थे इकलौते कांग्रेस सांसद, 2024 में मिली हार
नकुलनाथ की राजनीतिक पहचान पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के बेटे के साथ-साथ छिंदवाड़ा के पूर्व सांसद के रूप में भी रही है। वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में उन्होंने छिंदवाड़ा सीट से जीत दर्ज की थी। उस समय वह मध्यप्रदेश से कांग्रेस के इकलौते सांसद थे।
हालांकि, 2024 के लोकसभा चुनाव में उन्हें भाजपा के विवेक कुमार साहू के हाथों हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद उनकी राजनीतिक सक्रियता और सार्वजनिक कार्यक्रमों में मौजूदगी को लेकर भी समय-समय पर सवाल उठते रहे।
2028 से पहले कांग्रेस में कई दावेदारियों के संकेत?
मध्यप्रदेश में विधानसभा चुनाव अभी दूर हैं, लेकिन कांग्रेस के भीतर नेतृत्व को लेकर बयानबाजी और राजनीतिक संकेत अभी से सामने आने लगे हैं। एक तरफ जीतू पटवारी और उमंग सिंघार के नेतृत्व में चुनाव लड़ने की बात कही जा रही है, तो दूसरी तरफ नकुलनाथ के समर्थन में लगे पोस्टर ने एक नए राजनीतिक समीकरण की चर्चा शुरू कर दी है।
अब देखने वाली बात यह होगी कि नकुलनाथ अपने राजनीतिक कार्यक्रमों के जरिए प्रदेश की राजनीति में कितनी सक्रिय भूमिका निभाते हैं और क्या कांग्रेस का मौजूदा नेतृत्व उन्हें कोई बड़ी जिम्मेदारी देने की दिशा में आगे बढ़ता है?
फिलहाल एक पोस्टर ने कांग्रेस के भीतर नेतृत्व की बहस को फिर चर्चा में ला दिया है।

