
सोनकच्छ। छात्रावासों में बालिकाओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के दावों के बीच सोनकच्छ के अनुसूचित जाति बालिका छात्रावास में अव्यवस्थाओं की शिकायतें सामने आई हैं। छात्राओं ने कलेक्टर नेहा मीना के सामने भोजन की गुणवत्ता को लेकर गंभीर शिकायतें रखीं। छात्राओं ने बताया कि एक दिन भोजन में कीड़े निकले, वहीं कई बार कच्ची रोटियां परोसी गईं। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने छात्रावास की वार्डन को कारण बताओ नोटिस जारी करने और कुक का एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए।
कलेक्टर नेहा मीना ने शुक्रवार को सोनकच्छ स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय एवं अनुसूचित जाति बालिका छात्रावास का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने छात्राओं से सीधे संवाद कर भोजन, साफ-सफाई, पेयजल, शिक्षा और आवासीय सुविधाओं की जानकारी ली।
कस्तूरबा गांधी बालिका छात्रावास में कलेक्टर ने छात्राओं के साथ बैठकर दोपहर का भोजन किया। उन्होंने छात्राओं को शिक्षा और करियर के विभिन्न विकल्पों के बारे में मार्गदर्शन दिया। साथ ही छात्रावास में स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने और छात्राओं को आयरन सहित जरूरी दवाइयों का नियमित सेवन कराने के निर्देश दिए।

वहीं अनुसूचित जाति बालिका छात्रावास में निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई और शौचालयों की व्यवस्था में भी खामियां मिलीं। शौचालयों के दरवाजे टूटे हुए पाए गए। छात्राओं ने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए कोचिंग सुविधा उपलब्ध कराने की मांग भी रखी। इस पर एसी ट्राइबल विभाग को शीघ्र कोचिंग शुरू कराने के निर्देश दिए गए।

कलेक्टर ने दोनों छात्रावासों में आगामी तीन दिनों के भीतर अच्छी गुणवत्ता के गीजर लगवाने, आवश्यक पुस्तकें उपलब्ध कराने और पुराने ई-वेस्ट को हटाकर नए कंप्यूटर सिस्टम स्थापित करने के निर्देश भी दिए। कमरों में पंखे और लाइट की व्यवस्था सुधारने को भी कहा।
निरीक्षण में सामने आई कमियों के बाद कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण भोजन, स्वच्छ वातावरण और सुरक्षित आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराने में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

