देवास। सोनकच्छ के पीपलरांवा में मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान शिविर से पहले कलेक्टर नेहा मीना ने अरनिया जागीर स्थित आंगनवाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बच्चों की कम उपस्थिति पर नाराजगी जताते हुए उपस्थिति बढ़ाने और सभी बच्चों को समय पर यूनिफॉर्म उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने आंगनवाड़ी कार्यकर्ता से छह वर्ष तक के बच्चों के पंजीयन, नियमित उपस्थिति, नाश्ता और पूरक पोषण आहार वितरण की जानकारी ली। उन्होंने बच्चों को दिए जाने वाले भोजन को स्वयं चखकर उसकी गुणवत्ता भी परखी।
कलेक्टर ने गर्भवती एवं धात्री महिलाओं के पंजीयन के साथ प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना और लाड़ली लक्ष्मी योजना की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि कोई भी पात्र हितग्राही शासन की योजनाओं के लाभ से वंचित नहीं रहना चाहिए।
कुपोषण की स्थिति की जानकारी लेने पर कार्यकर्ता ने बताया कि केंद्र में वर्तमान में एक भी बच्चा गंभीर कुपोषण (सेम श्रेणी) में नहीं है। इस पर कलेक्टर ने बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए। उन्होंने अपने सामने बच्चों का वजन और लंबाई मापकर उपकरणों एवं रिकॉर्ड का भी परीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने बच्चों से आत्मीय बातचीत की। बच्चों ने भी उत्साह के साथ उन्हें कविताएं सुनाईं। उन्होंने केंद्र में टीकाकरण की स्थिति जानी और एलईडी टीवी चालू करवाकर बच्चों के लिए संचालित शैक्षणिक गतिविधियों का अवलोकन किया। पेयजल की शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए पीएचई विभाग से समय-समय पर पानी की जांच कराने के निर्देश भी दिए।

निरीक्षण के अंत में कलेक्टर ने आंगनवाड़ी परिसर में सुरजना का पौधा रोपित किया।

