
जिला न्यायालय से अंबेडकर प्रतिमा तक निकली मैराथन, विजेताओं को मेडल और प्रमाण-पत्र देकर किया सम्मानित
देवास। न्यायोत्सव कार्यक्रम के अंतर्गत रविवार को देवास में मैराथन दौड़ का आयोजन किया गया। इसमें विभिन्न आयु वर्गों के बालक-बालिकाओं, युवाओं और नागरिकों सहित 300 से अधिक प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। मैराथन का शुभारंभ प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश कपिल कुमार मेहता ने हरी झंडी दिखाकर किया।
मैराथन जिला न्यायालय परिसर से शुरू होकर एबी रोड होते हुए बस स्टैंड स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर प्रतिमा तक पहुंची और वहां से वापस जिला न्यायालय परिसर में संपन्न हुई।

आयोजन का उद्देश्य आमजन को विधिक अधिकारों, निःशुल्क कानूनी सहायता और न्याय की उपलब्धता के प्रति जागरूक करना था। साथ ही स्वास्थ्य और शारीरिक फिटनेस का संदेश भी दिया गया।

प्रतियोगिता के ओपन पुरुष वर्ग में राजू यादव प्रथम, पीयूष मीना द्वितीय और हर्ष राव तृतीय रहे। महिला वर्ग में मुस्कान राजपूत ने पहला, खुशबू देवरे ने दूसरा और हिमानी लोधी ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। न्यायिक अधिकारी जितेंद्र सिंह कुशवाह ने भी अपनी आयु वर्ग में प्रथम स्थान हासिल किया।
समापन पर विजेताओं को मेडल और प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। ओपन वर्ग के विजेताओं को नगद पुरस्कार भी दिए गए। इस अवसर पर कपिल कुमार मेहता ने नागरिकों से अपने विधिक अधिकारों और दायित्वों के प्रति जागरूक रहने तथा जरूरतमंदों तक निःशुल्क विधिक सहायता की जानकारी पहुंचाने की अपील की।

