कमलनाथ पर जमकर बरसे शिवराज
कहा- वल्लभ भवन को बना दिया था दलालों के अड्डा…
देवास के लोहारपिपल्या में कार्यकर्ताओं को किया संबोधित, भाजपा को जिताने की अपील की….

देवास। हाटपिपल्या विधानसभा क्षेत्र के शिप्रा मंडल के कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित करने लोहारपिपल्या आए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान 15 महीने की कमलनाथ सरकार पर जमकर बरसे। उन्होंने कहा कमलनाथ ने 15 महीने में मध्य प्रदेश को बर्बाद कर दिया। संबल योजना, लाडली लक्ष्मी योजना, तीर्थ योजना, स्कूली छात्रों की लैपटॉप योजना जैसी कई जन हितेषी योजनाओं को बंद कर दिया। किसानों को कर्ज माफी के नाम पर छला और ठगा है। शिवराज बोले किसानों के खातों में फसल बीमा का पैसा हमने डाला, किसान सम्मान निधि जो मोदी जी ने 6 हजार की थी उसे हमने 4 हजार बढ़ाकर 10 हजार कर दिया। अब नया मध्य प्रदेश बनाएंगे मालवा को पंजाब से भी आगे ले जाएंगे ऐसी हरित क्रांति लाएंगे।

खबर यह भी पढ़े- सोनकच्छ से विधायक प्रतिनिधि रहे सुरेंद्रसिंह गौतम भाजपा में हुए शामिल
आपको बता दें हाटपिपल्या विधानसभा क्षेत्र में उपचुनाव होना है। यहां से भाजपा प्रत्याशी मनोज चौधरी के समर्थन में शिप्रा मंडल की बैठक लोहारपिपल्या में आयोजित थी। बैठक को संबोधित करते हुए शिवराज सिंह ने मनोज चौधरी को जिताने की अपील करते हुए कहा कि आपका वोट शिवराज को जाएगा, मनोज जीतेगा तो आपका शिवराज मुख्यमंत्री बना रहेगा। उन्होंने कमलनाथ को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि हमें रौतेला मुख्यमंत्री मिल गया था जो हमेशा कहता था फंड नहीं है फंड नहीं है…, मैं कहता हूं कमी नहीं है.. कमी नहीं है…, कहीं से भी लाऊंगा लेकिन कमी नहीं होने दूंगा चिंता मत करना। अपने उद्बोधन में शिवराज ने किसानों के साथ साथ महिलाओं, छात्र और गरीब वर्ग की योजनाओं की बात रखी। उन्होंने कहा आने वाले 3 सालों में मालवा के गांव गांव में नल जल योजना से घर घर तक पानी पहुंचेगा। उन्होंने कहा कमलनाथ द्वारा बंद की गई योजनाएं फिर शुरू कर दी गई है…। उन्होंने कार्यकर्ताओं को संकल्प दिलाया कि आगामी 3 तारीख तक का समय भाजपा को जिताने के लिए दें।
इसके पहले कार्यक्रम को देवास विधायक गायत्री राजे पंवार, संसद महेंद्र सिंह सोलंकी, पूर्व मंत्री दीपक जोशी, भाजपा जिला अध्यक्ष राजीव खंडेलवाल, विधायक आशीष शर्मा, हाटपिपलिया विधानसभा से भाजपा प्रत्याशी मनोज चौधरी ने भी संबोधित किया। मनोज चौधरी ने कहा कि पिछले 6 महीने में हाटपिपलिया विधानसभा क्षेत्र में 1041 करोड़ के कामों की स्वीकृति जो शिवराज सिंह जी द्वारा दी गई है वह ऐतिहासिक है।
कार्यक्रम में सोनकच्छ से कांग्रेस विधायक सज्जन सिंह वर्मा के विधायक प्रतिनिधि पद से हटाए गए सुरेंद्र सिंह गौतम ने कांग्रेस छोड़कर भाजपा की सदस्यता ली।