देवास से उज्जैन तक महिलाओं को बनाया निशाना, 9 दिन में 3 चेन स्नेचिंग का खुलासा 

Amaltas

देवास। शहर में महिला से मंगलसूत्र लूटकर फरार हुए दो शातिर बदमाशों को सिविल लाइन पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि देवास में वारदात के बाद दोनों आरोपी उज्जैन पहुंचे और वहां अलग-अलग थाना क्षेत्रों में दो महिलाओं को निशाना बनाकर सोने की चेन लूट ली। पुलिस ने महज 9 दिन में देवास और उज्जैन की कुल 3 चेन स्नेचिंग वारदातों का खुलासा करते हुए करीब 5 लाख रुपए का मश्रुका बरामद किया है।
CCTV से मिली बदमाशों तक पहुंचने की कड़ी
मामला 5 अगस्त की रात का है। सिविल लाइन निवासी 52 वर्षीय महिला अपने पड़ोसी के साथ पैदल जा रही थीं। रात करीब 9:07 बजे ब्रिज के पास बाइक सवार दो युवकों ने अचानक उनके गले पर झपट्टा मारा और करीब 80 हजार रुपए कीमत का सोने का मंगलसूत्र लूटकर फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगालना शुरू किया। फुटेज और मुखबिर तंत्र से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने मोहम्मद जाबीर हुसैन उर्फ सत्तारिया उर्फ अठारिया और रेहान शेख को गिरफ्तार किया।
देवास के बाद उज्जैन में भी की वारदात
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में दोनों आरोपियों ने देवास की वारदात कबूल करने के साथ ही उज्जैन में दो अलग-अलग चेन स्नेचिंग करना भी स्वीकार किया। आरोपियों ने उज्जैन के डाबरीपीठा थाना क्षेत्र और कोठी रोड थाना क्षेत्र में महिलाओं से एक-एक सोने की चेन लूटी थी।
पुलिस ने दोनों घटनाओं में लूटी गई सोने की चेन भी आरोपियों की निशानदेही पर बरामद कर ली है।
बाइक से करते थे शिकार, पीछे बैठा आरोपी मारता था झपट्टा
पुलिस पूछताछ में आरोपियों का तरीका भी सामने आया। दोनों बजाज पल्सर मोटरसाइकिल से निकलते थे। बाइक के पीछे बैठा आरोपी राह चलती महिला के करीब पहुंचते ही अचानक गले पर झपट्टा मारकर मंगलसूत्र या चेन तोड़ लेता था। इसके बाद दोनों तेज रफ्तार से बाइक भगाकर मौके से फरार हो जाते थे।
देवास में वारदात के बाद भी दोनों ने इसी तरीके को दोहराते हुए उज्जैन में दो महिलाओं को निशाना बनाया।
5 लाख का मश्रुका जब्त
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से देवास में लूटा गया करीब 80 हजार रुपए का मंगलसूत्र, उज्जैन में लूटी गई करीब 2 लाख रुपए कीमत की दो सोने की चेन, वारदात में इस्तेमाल बजाज पल्सर बाइक और दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 5 लाख रुपए बताई गई है।
मुख्य आरोपी पर पहले से 13 मामले दर्ज
पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी मोहम्मद जाबीर हुसैन उर्फ सत्तारिया उर्फ अठारिया के खिलाफ इंदौर के अलग-अलग थानों में पहले से 13 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। इनमें लूट, मारपीट, धमकी, अवैध वसूली और आबकारी अधिनियम से जुड़े मामले शामिल हैं।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर रिमांड लिया और पूछताछ के दौरान उज्जैन की वारदातों का भी खुलासा हुआ।
पुलिस टीम को 10 हजार रुपए का पुरस्कार
पूरे मामले का खुलासा करने में सिविल लाइन थाना प्रभारी निरीक्षक अमित सोलंकी, पुलिस टीम और साइबर सेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद ने टीम के उत्साहवर्धन के लिए 10 हजार रुपए के नगद पुरस्कार की घोषणा की है।
इस कार्रवाई से देवास की एक वारदात के साथ उज्जैन की दो चेन स्नेचिंग का भी खुलासा हुआ है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ के आधार पर उनके अन्य संभावित अपराधों की भी जानकारी जुटा रही है।

संपादक

+ posts
Enable Notifications OK No thanks