
पूर्व कर्मचारी समेत 3 गिरफ्तार
देवास। औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस ने “ऑपरेशन त्रिनेत्रम्” के तहत सीसीटीवी कैमरों की मदद से कैलादेवी मेन रोड स्थित साई स्टील फैब्रीकेशन दुकान में हुई नकबजनी का खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में दुकान के पूर्व कर्मचारी और उसके साथी सहित दो चोरों तथा चोरी का सामान खरीदने वाले एक स्क्रैप व्यापारी को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी का शत-प्रतिशत सामान और वारदात में इस्तेमाल ई-रिक्शा समेत करीब 2 लाख रुपये का मशरूका बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार, 20 जून की रात दुकान बंद कर संचालक गुलरेज खान घर चले गए थे। अगले दिन दुकान खोलने पर उन्हें लोहे का गेट, चार लोहे की जालियां, हैमर ड्रिल मशीन, करीब 60 फीट वेल्डिंग केबल, 50 फीट इलेक्ट्रिक वायर सहित अन्य लोहे का सामान गायब मिला। शिकायत पर थाना औद्योगिक क्षेत्र में अपराध क्रमांक 547/2026 दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोत के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेन्द्र सिंह वर्धमान और नगर पुलिस अधीक्षक सुमित अग्रवाल के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक शशिकांत चौरसिया के नेतृत्व में टीम गठित की गई।
सीसीटीवी फुटेज ने खोला राज
पुलिस टीम ने ऑपरेशन त्रिनेत्रम् के तहत घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज में दुकान का पूर्व कर्मचारी राजा पिता जाफर शेख (20) अपने साथी अमन पिता जाकिर अली (20) के साथ दुकान का ताला खोलकर सामान चोरी करता नजर आया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर पूछताछ की। पूछताछ में उन्होंने चोरी करना स्वीकार करते हुए सामान ई-रिक्शा से ले जाने और ईटावा निवासी स्क्रैप व्यापारी प्रितम उर्फ प्रिंस जायसवाल (25) को बेचने की जानकारी दी।
इसके बाद पुलिस ने प्रितम उर्फ प्रिंस जायसवाल को भी गिरफ्तार कर लिया।
चोरी का सामान और ई-रिक्शा बरामद
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी गया करीब 50 हजार रुपये का शत-प्रतिशत सामान बरामद किया। इसके साथ ही वारदात में इस्तेमाल इलेक्ट्रिक बैक्सी कंपनी का ई-रिक्शा क्रमांक MP41ZG4359, जिसकी कीमत करीब 1.50 लाख रुपये बताई गई है, भी जब्त किया गया।
इस तरह पुलिस ने कुल करीब 2 लाख रुपये का मशरूका बरामद किया है।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि गिरफ्तार स्क्रैप व्यापारी प्रितम उर्फ प्रिंस जायसवाल के खिलाफ पूर्व में भी तीन आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।
तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जिला जेल देवास भेज दिया गया है।
इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका
कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक शशिकांत चौरसिया, प्रधान आरक्षक घनश्याम बामनिया, प्रधान आरक्षक राजेश गरवाल, प्रधान आरक्षक किशोर जाटवा, आरक्षक अमित श्रीवास, आरक्षक अजय जाट और सैनिक तेजसिंह मंडलोई की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
