देवास में शान से लहराया तिरंगा, देशभक्ति के रंग में रंगा स्वतंत्रता दिवस

Amaltas

पुलिस परेड ग्राउंड पर नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने किया ध्वजारोहण, परेड की सलामी ली | शहीदों के परिजनों और उत्कृष्ट कार्य करने वालों का सम्मान | देशभक्ति गीतों पर छात्र-छात्राओं की मनमोहक प्रस्तुतियां

देवास। आजादी की 80वीं वर्षगांठ पर शनिवार को देवास जिला मुख्यालय देशभक्ति और राष्ट्रीय गौरव के रंग में नजर आया। पुलिस परेड ग्राउंड पर आयोजित जिला स्तरीय मुख्य समारोह में नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी। राष्ट्रगान की गूंज के बीच पूरा परेड ग्राउंड देशभक्ति के भाव से सराबोर हो गया।

ध्वजारोहण के बाद मुख्य अतिथि मंत्री विजयवर्गीय ने परेड का निरीक्षण किया। इस दौरान कलेक्टर ऋतुराज सिंह और पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद उनके साथ रहे। सशस्त्र बलों द्वारा तीन बार हर्ष फायर किए गए। इसके बाद परेड कमांडर रणजीत ठाकुर के नेतृत्व में जवानों ने आकर्षक मार्च पास्ट प्रस्तुत कर मुख्य अतिथि को सलामी दी। मंत्री ने परेड कमांडरों से परिचय प्राप्त किया और रंग-बिरंगे गुब्बारे खुले आसमान में छोड़े।

समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के संदेश का सीधा प्रसारण किया गया। मुख्य अतिथि मंत्री विजयवर्गीय ने स्वतंत्रता दिवस पर मुख्यमंत्री का बधाई संदेश भी पढ़कर सुनाया। कार्यक्रम में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, लोकतंत्र सेनानियों तथा वीरगति प्राप्त शहीदों के परिवारजनों का शॉल-श्रीफल भेंट कर सम्मान किया गया।

देशभक्ति गीतों पर गूंजा परेड ग्राउंड

समारोह का सबसे आकर्षक हिस्सा स्कूली छात्र-छात्राओं की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां रहीं। देशभक्ति से ओतप्रोत गीतों और प्रस्तुतियों ने माहौल में जोश भर दिया। दर्शकों ने तालियों से बच्चों का उत्साह बढ़ाया। सांस्कृतिक कार्यक्रम में महारानी चिमना बाई स्कूल ने प्रथम स्थान हासिल किया। सेन थॉम स्कूल दूसरे और उत्कृष्ट स्कूल तीसरे स्थान पर रहा, जबकि कर्मदीप पब्लिक स्कूल को प्रोत्साहन पुरस्कार मिला।

परेड में सीआईएसएफ और एनसीसी का दबदबा

शस्त्र सहित परेड में सीआईएसएफ बैंक नोट प्रेस देवास ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। जिला पुलिस पुरुष बल दूसरे और जिला होमगार्ड तीसरे स्थान पर रहा।

वहीं शस्त्र रहित परेड में एनसीसी सीनियर बॉयज, केपी कॉलेज देवास प्रथम रहा। नारायण विद्या स्कूल क्रमांक-1 को द्वितीय और एनसीसी जूनियर चिमनाबाई स्कूल को तृतीय पुरस्कार मिला।

उत्कृष्ट कार्य करने वालों का सम्मान

स्वतंत्रता दिवस समारोह में जिले में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों और सामाजिक संस्थाओं को भी सम्मानित किया गया। इस अवसर पर अपने कर्तव्य का निर्वहन करते हुए प्राण न्योछावर करने वाले देवास जिले के वन रक्षक मदन लाल वर्मा को सरकार द्वारा शहीद का दर्जा दिए जाने के बाद उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

जिले के विकासखंड, तहसील, नगर परिषद और ग्राम पंचायत स्तर पर भी स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

मुख्य समारोह में जिला पंचायत अध्यक्ष लीला अटारिया, रायसिंह सेंधव, भैरूलाल अटारिया, राजेश यादव, राजीव खंडेलवाल सहित जनप्रतिनिधि, न्यायाधीशगण, नगर निगम आयुक्त दलीप कुमार, डीएफओ अमित सिंह, अपर कलेक्टर शोभाराम सोलंकी, अपर कलेक्टर संजीव जैन, पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी, कर्मचारी, पत्रकार और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन अरविंद त्रिवेदी और श्वेता काकड़े ने किया। राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान के साथ समारोह का गरिमापूर्ण समापन हुआ।

संपादक

+ posts
Enable Notifications OK No thanks