प्रहरी ने किए थे हवाई फायर
अज्ञात बदमाश जेल में घुसने का कर रहे थे प्रयास…
नाहर दरवाजा पुलिस ने किया मामला दर्ज…
आला अधिकारी हालात का जायजा लेने पहुंचे जेल…
देवास। जिला जेल परिसर में गोली चलने से सनसनी फैल गई। दबी जुबान लोग जेल परिसर में गोली चलने की बातें करते रहे लेकिन मामले की पुष्टि तब हुई जब मामले को लेकर नाहर दरवाजा थाने में प्रकरण दर्ज किया गया। बताया गया है कि कुछ अज्ञात बदमाश जेल परिसर में घुसने का प्रयास कर रहे थे जेल प्रहरी के रोकने पर भी वे जबरदस्ती पर उतारू हुए तो प्रहरी में हवाई फायर कर दिए जिससे बदमाश भाग खड़े हुए। घटना शनिवार रात की बताई गई है।

नाहर दरवाजा थाना के सब इंस्पेक्टर जगदीश पटेल ने बताया कि कुछ अज्ञात बदमाश शनिवार देर रात करीब 1 बजे जिला जेल पहुँचे, और जेल में बन्द अपने साथी से मिलने की ज़िद करने लगे। ड्यूटी पर तैनात प्रहरी नवीन शर्मा ने जब मना किया, तो बदमाशो ने जबरजस्ती जेल परिसर में घुसने की कोशिश की। जिस पर प्रहरी ने हवाई फायर कर दिया। जिसके कि बाद में बदमाश भाग खड़े हुए। घटनाक्रम को लेकर नाहर दरवाजा थाना क्षेत्र पुलिस ने अज्ञात बदमाशो के खिलाफ मामला दर्ज कर, आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। उधर मामले की जानकारी लगने पर पुलिस महकमे के आला अधिकारी भी देवास के जिला जेल पहुँचे और हालात का जायजा लिया। पुलिस ने बताया, कि 4 से 5 अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और विवेचना ज़ारी है।
