
दिलीप मिश्रा की दो-टूक
देवास का एमजी रोड… शहर की पहचान… और सबसे महत्वपूर्ण कारोबारी मार्गों में से एक… कभी इसी सड़क के चौड़ीकरण को लेकर बड़े-बड़े सपने दिखाए गए थे… व्यापारियों से आग्रह करने के लिए गुलाब की कलियां तक पहुंचीं… संदेश साफ था… आप सहयोग कीजिए… सड़क चौड़ी होगी… और शहर बदलेगा।
नगर निगम सभापति रवि जैन ने व्यापारियों को गुलाब की कलियां भेंट कर उनसे अतिक्रमण हटाने और सड़क चौड़ीकरण के लिए अपनी दुकानें स्वयं पीछे करने का आग्रह किया… इसके बाद महापौर प्रतिनिधि दुर्गेश अग्रवाल ने भी इसी अंदाज में व्यापारियों से सहयोग मांगा… बाद में जब आग्रह से बात नहीं बनी… तो निगम को सख्ती भी दिखानी पड़ी… आखिरकार अधिकांश व्यापारियों ने अपनी दुकानें स्वयं हटाईं।
यहां तक कहानी उम्मीद जगाती है… लेकिन इसके बाद जो हुआ… उसने उस उम्मीद को लंबी प्रतीक्षा में बदल दिया…।
एमजी रोड ही नहीं…, ड्रेनेज और सीवरेज लाइन के नाम पर शहर के कई हिस्से खोद दिए गए… यह काम जरूरी था…, इसमें शायद ही किसी को आपत्ति हो… ड्रेनेज बन गया… सीवरेज लाइन भी डल गई… यानी सड़क को व्यवस्थित करने के लिए जमीन के नीचे का बड़ा काम पूरा हो गया…।
लेकिन सवाल अब जमीन के ऊपर का है… जब भूमिगत काम पूरा हो चुका है… तो सड़क अब तक अधूरी क्यों है?
एमजी रोड पर जगह-जगह खुदी सड़क… गड्ढे…, धूल… और अव्यवस्था… सिर्फ यातायात की समस्या नहीं है… यह उन व्यापारियों की रोजी-रोटी से भी जुड़ा सवाल है…, जिन्होंने निगम के आह्वान पर अपनी दुकानें हटाईं… उनसे शहर के विकास के लिए त्याग मांगा गया था… उन्होंने किया भी…।
अब उनकी बारी कब आएगी?
व्यापारी महीनों से परेशानी झेल रहे हैं… ग्राहक बाजार तक पहुंचने में परेशानी महसूस कर रहे हैं… धूल और गड्ढों के बीच चलना आम नागरिक की मजबूरी बन गया है… ऊपर से त्योहारी सीजन दरवाजे पर है… व्यापारियों के लिए यही वह समय होता है… जब सालभर की कमाई का बड़ा हिस्सा जुटाने की उम्मीद रहती है…।
ऐसे समय में सड़क का कछुआ चाल से चल रहा निर्माण… सिर्फ एक निर्माणाधीन सड़क नहीं रह जाता… यह प्रशासनिक प्राथमिकता पर सवाल बन जाता है…।
और यहां गुलाब की कलियों का वह प्रसंग भी याद आता है… तब व्यापारियों से कहा गया था… आप शहर के लिए थोड़ा त्याग कीजिए… व्यापारियों ने कर दिया…।
अब सवाल जनप्रतिनिधियों से है… शहर के लिए आपका हिस्सा कब पूरा होगा…?
महापौर पति और महापौर प्रतिनिधि दुर्गेश अग्रवाल ने इसे महापौर का ड्रीम प्रोजेक्ट बताया था… सपना दिखाना आसान है…, लेकिन सपने को समय पर जमीन पर उतारना असली परीक्षा है…।
इसी तरह निगम सभापति रवि जैन ने व्यापारियों को गुलाब की कलियां देकर सहयोग मांगा था… गुलाब की पंखुड़ियां तो उस दिन व्यापारियों के हाथों में थीं…, लेकिन आज उन्हीं व्यापारियों के सामने सड़क के गड्ढे हैं…।
गुलाब से गड्ढों तक पहुंची एमजी रोड की कहानी में अब सवाल सिर्फ इतना है… इसका अंत कब होगा…?
नगर निगम को यह बताना चाहिए… कि निर्माण की वास्तविक स्थिति क्या है…, कौन-कौन से काम शेष हैं… और उन्हें पूरा करने की समयसीमा क्या है… यदि काम में तकनीकी या ठेके से जुड़ी कोई बाधा है… तो उसे भी सार्वजनिक किया जाना चाहिए…।
क्योंकि शहर को आश्वासन नहीं…, चलने लायक सड़क चाहिए… अब व्यापारी भी एकजुट होकर निगमायुक्त तक पहुंच चुके हैं… ज्ञापन दे चुके हैं… उनकी परेशानी सामने रख चुके हैं… नवरात्रि और त्योहारी सीजन शुरू होने वाला है… ऐसे में निगम को चाहिए कि एमजी रोड के काम को प्राथमिकता में लेकर जरूरत पड़े तो रात-दिन काम कराए… और जल्द से जल्द सड़क को व्यवस्थित करे…।
जिस सड़क के लिए व्यापारियों से अपनी दुकानें हटाने का त्याग मांगा गया था…, उस सड़क को पूरा करना अब निगम की जिम्मेदारी है…।
सवाल बड़ा सीधा है… गुलाब की कलियां बांटकर विकास का सपना दिखाना आसान है… लेकिन उस सपने को समय पर सड़क बनाकर पूरा कौन करेगा…?
@highlight
#देवास #एमजीरोड #दिलीपमिश्राकीदोटूक #नगरनिगमदेवास #सड़कनिर्माण

