दो गोदाम सील हुए, लेकिन कचरा यहां तक पहुंचा कैसे?

Amaltas

दिलीप मिश्रा की दो-टूक
देवास में नगर निगम ने पिछले दिनों दो गोदाम सील किए… एक जगह बड़ी मात्रा में मेडिकल वेस्ट और केमिकल मिला… दूसरी जगह औद्योगिक कचरा जमा होने… और उसे जलाए जाने की बात सामने आई… कार्रवाई हुई… यह अच्छी बात है… लेकिन सवाल कार्रवाई से बड़ा है।
अगर मेडिकल वेस्ट नियमों के मुताबिक ही संभाला जाना था… तो फिर इतनी बड़ी मात्रा में यह कचरा एक निजी गोदाम तक पहुंचा कैसे?
किस अस्पताल… क्लिनिक या मेडिकल संस्थान से यह कचरा निकला था? इसे यहां तक कौन लेकर आया?
क्या कचरे को यहां पहुंचाने वालों के पास निर्धारित अनुमति थी? और अगर अनुमति नहीं थी… तो इतने समय तक यह गतिविधि जिम्मेदार विभागों की नजर से कैसे बाहर रही?
दूसरे गोदाम का मामला भी कम गंभीर सवाल नहीं खड़ा करता…।
औद्योगिक क्षेत्रों से निकलने वाला कचरा आखिर किसी निजी गोदाम में क्यों जमा किया जा रहा था? कचरा किन उद्योगों से आया था? क्या उन उद्योगों के पास इसके निपटान की वैध व्यवस्था थी? अगर कचरा खुले में जलाया जा रहा था… तो धुआं और प्रदूषण क्या केवल उस दिन शुरू हुआ जब निगम की टीम पहुंची?
या यह गतिविधि पहले से चल रही थी?
असली जांच अब शुरू होनी चाहिए…
गोदाम सील करना कार्रवाई का अंत नहीं… शुरुआत है… सिर्फ यह पता करना पर्याप्त नहीं कि गोदाम में कचरा मिला… यह पता करना ज्यादा जरूरी है कि… कचरा आया कहां से? किसने भेजा? किसने पहुंचाया? किसके निर्देश पर जमा हुआ? किसे इसका निपटान करना था? और अब तक इसकी निगरानी कौन कर रहा था? खासकर मेडिकल वेस्ट के मामले में स्रोत तक पहुंचना जरूरी है… क्योंकि अगर यह साबित होता है कि मेडिकल कचरा निर्धारित व्यवस्था से बाहर जाकर निजी गोदाम में पहुंच रहा था… तो मामला केवल एक गोदाम संचालक तक सीमित नहीं रह जाता… और एक सवाल नगर निगम से भी… क्या निगम के पास मेडिकल वेस्ट और औद्योगिक कचरे के अवैध संग्रहण की कोई नियमित निगरानी व्यवस्था है?
क्योंकि आज दो गोदाम मिले हैं… लेकिन क्या कहानी सिर्फ इन दो गोदामों तक ही सीमित है? देवास को सिर्फ गोदाम सील होने की खबर नहीं चाहिए… देवास को यह जवाब चाहिए… कि शहर में जहरीला कचरा पहुंचा कैसे… और इसकी जिम्मेदारी आखिर किसकी है? यही इस कार्रवाई की असली परीक्षा होगी। बस यही है आज की दो-टूक….।
#दिलीपमिश्राकीदोटूक #देवासकीआवाज #कचरेकाखेल #जनताकेसवाल #जवाबदेही

संपादक

+ posts

Latest Posts

Enable Notifications OK No thanks