ऑपरेशन साइबर की बड़ी कामयाबी, 6 माह बाद ₹ एक लाख वापस

न्यायालय के आदेश से पीड़ित के खाते में लौटी फ्रॉड राशि, देवास पुलिस की 46% सक्सेस रेट

Amaltas

देवास। साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन साइबर” के तहत देवास पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। 6 माह पहले ठगी गई ₹1,00,000 की राशि माननीय न्यायालय के आदेश के बाद पीड़ित अर्जुन तेलंगे (निवासी बैंक नोट प्रेस) के खाते में वापस लौटा दी गई।


15 अगस्त 2025 को दर्ज शिकायत में साइबर ठगी की जानकारी मिलने के बाद थाना बैंक नोट प्रेस पर पदस्थ साइबर मित्र प्रधान आरक्षक हिमांशु कुशवाह और आरक्षक शंकर डोडियार ने निर्धारित फॉर्मेट में जानकारी लेकर जिला साइबर सेल को भेजी। एनसीआरपी पोर्टल पर एंट्री कर सतत मॉनिटरिंग के बाद राशि होल्ड करवाई गई और न्यायालयीन प्रक्रिया पूरी कर वापस दिलाई गई।
पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद के नेतृत्व में 1 नवंबर 2024 से शुरू “ऑपरेशन साइबर” के तहत अब तक ₹2,10,82,179 की ठगी गई राशि वापस करवाई जा चुकी है, जबकि ₹2,44,55,631 होल्ड कर अग्रिम कार्रवाई जारी है। कुल 2682 शिकायतों में से 1216 मामलों में राशि होल्ड कर 46% सक्सेस रेट हासिल किया गया है।
पुलिस ने अपील की है कि साइबर फ्रॉड होने पर तुरंत 1930 या 112 पर शिकायत दर्ज कराएं और किसी अनजान कॉलर से निजी जानकारी साझा न करें।

संपादक

Latest Posts

Enable Notifications OK No thanks