
दो-टूक | दिलीप मिश्रा
देवास में जनता की एक बेहद सामान्य जरूरत है….सुविधा घर… आज भी व्यवस्था के लिए बड़ा सवाल बनी हुई है…
सबसे खास बात यह है… कि यह सवाल विपक्ष ने नहीं…, नगर निगम के एल्डरमैन संतोष वर्मा ने अपनी ही महापौर को पत्र लिखकर उठाया है।
पत्र में शहर के कई सुविधा घरों की बदहाल स्थिति का उल्लेख किया गया है… कहीं यूरिनल के पाट टूटे हैं… कहीं बीच की दीवार तक नहीं है… कहीं ताला लगा है… तो कहीं रोशनी बंद है… कुछ जगहों पर सुविधा घर तोड़ दिए गए… और उनके विकल्प की व्यवस्था नहीं हुई… साथ ही गणेशपुरी और रामनगर चौराहे जैसे स्थानों पर नए सुविधा घर बनाने की मांग भी की गई है।
लेकिन सवाल सिर्फ उन छह-सात सुविधा घरों का नहीं है… सवाल पूरे देवास शहर की व्यवस्था का है… एमजी रोड हो…, एबी रोड हो…, नयापुरा हो…, पुराना बस स्टैंड हो या जवाहर चौक… शहर के व्यस्ततम इलाकों में आम लोगों को सार्वजनिक सुविधा के लिए परेशान होना पड़ता है… इसमें सबसे ज्यादा परेशानी महिलाओं और बुजुर्गों को होती है… और यह समस्या आज की नहीं है…।
नगर निगम की मौजूदा परिषद के कार्यकाल को करीब चार साल हो चुके हैं… इतने लंबे समय में यदि शहर की एक बुनियादी नागरिक सुविधा भी व्यवस्थित नहीं हो पाई…, तो सवाल उठना स्वाभाविक है… कि आखिर प्राथमिकता क्या है?
कलेक्ट्रेट के सामने चाट चौपाटी के पास बनाया गया सुविधा घर भी इसका उदाहरण है। बताया जाता है कि सुविधा घर बना… लेकिन आम लोगों के उपयोग में नहीं आ पाया… और बाद में वहां कब्जे की स्थिति बन गई…।
यानी जहां सुविधा होनी चाहिए थी…, वहां भी व्यवस्था ने सवाल खड़ा कर दिया…।
अब महापौर जी से सवाल सीधा है…
क्या देवास शहर में सार्वजनिक सुविधा घर भी नगर निगम की प्राथमिकता में नहीं हैं?
क्या निगम पूरे शहर के सुविधा घरों का सर्वे कराकर उनकी स्थिति सार्वजनिक करेगा?
जो सुविधा घर बंद हैं…, वे कब खुलेंगे?
जिनके पाट…, दीवार और लाइट खराब हैं…, वे कब सुधरेंगे? जहां सुविधा घर तोड़े गए हैं…, वहां वैकल्पिक व्यवस्था कब होगी?
और सबसे महत्वपूर्ण… क्या नगर निगम यह सुनिश्चित करेगा… कि देवास के व्यस्ततम इलाकों में महिलाओं…, बुजुर्गों और आम नागरिकों को बुनियादी सुविधा के लिए शर्मिंदगी और परेशानी न उठानी पड़े? चार साल बाद आपकी ही पार्टी के एल्डरमैन को यह मुद्दा पत्र लिखकर उठाना पड़ रहा है।
महापौर जी, सवाल बहुत छोटा है… लेकिन जवाबदेही बहुत बड़ी है…। देवास को स्मार्ट बनाने की बातें अपनी जगह हैं… लेकिन पहले यह तो तय हो… कि शहर में जरूरत पड़ने पर नागरिक को सुविधा घर ढूंढने के लिए भटकना न पड़े… यही असली नागरिक सुविधा है…।
#दो_टूक #dilipmishra #TimesMP #dewas

