
पाल नगर बालगढ़ क्षेत्र के युवाओं ने की तोड़फोड़…
सीसीटीवी फुटेज में एक पूर्व भाजपा पार्षद भी नजर आए…
आसपास के रहवासियों से टोल वसूलने को लेकर लंबे समय से चल रहा विवाद…
पूर्व में भी दो बार हो चुके हैं हंगामे…
देवास। देवास बाईपास पर विगत माह में शुरू हुए टोल टैक्स नाके पर आसपास के रहवासियों से टोल टैक्स वसूलने को लेकर करीब 1 महीने से विवाद चल रहा है। इसी श्रंखला में आज टोल टैक्स पर जैसे ही कुछ वाहनों को रोका गया तो उसमें सवार पालनगर और बालगढ़ के रहवासियों ने हंगामा कर दिया। इतना ही नहीं बात इतनी बढी की टोल टैक्स पर युवाओं ने जमकर तोड़फोड़ की। हालांकि इस मामले में अभी तक कोई एफ आई आर दर्ज नहीं हुई है।
दरअसल टोल टैक्स नाके के आसपास के गांव पाल नगर, नागदा, बालगढ़, रसूलपुर सहित कई गांव के लोगों को उस समय परेशानी होती है जब वे अपने घर से खेत पर या खेत से घर पर अपने चार पहिया वाहनों से जाते हैं। ऐसे में उन से होने वाली टोल टैक्स वसूली को लेकर काफी समय से टोल टैक्स प्रबंधन और ग्रामीणों में विवाद की स्थिति बनी हुई है। आसपास के ग्रामीणों ने कुछ दिवस पूर्व टोल टैक्स प्रबंधन से आग्रह किया था कि आसपास के 10 किलोमीटर की परिधि में आने वाले गांव के लोगों का टोल टैक्स फ्री किया जाना चाहिए। इस बात को लेकर यहां पूर्व में भी हंगामे हो चुके हैं। आज जब इस क्षेत्र के कुछ लोग अपने चार पहिया वाहनों से टोल टैक्स से गुजर रहे थे तभी टोल टैक्स वसूली की बात को लेकर विवाद हो गया। बात इतनी बढी की ग्रामीणों ने टोल टैक्स नाके पर जमकर तोड़फोड़ कर दी। सीसीटीवी फुटेज में भाजपा के पूर्व पार्षद भी तोड़फोड़ करते नजर आ रहे हैं। हालांकि अभी तक इस मामले में कोई प्रकरण पंजीबद्ध नहीं हुआ है। थाना प्रभारी ब्रजेश श्रीवास्तव के मुताबिक अभी तक किसी ने रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई है। टोल टैक्स नाके पर विवाद की सूचना पर पुलिस बल भेजा गया है।



