मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ पहुंचे सोनकच्छ…
मंत्री सज्जन वर्मा, कमलेश्वर पटेल, जीतू पटवारी सहित कई नेता मंच पर…
मुख्यमंत्री के स्वागत के लिए मंच पर मची उहापोह…
बागली जनपद अध्यक्ष निर्मला कंठाली भाजपा छोड़ कांग्रेस में हुई शामिल…
नर्मदा कालीसिंध सिंचाई परियोजना का भूमिपूजन कर रखी आधारशिला…
3489.82 करोड़ की लागत की है योजना…
इंदिरा सागर बांध से नर्मदा का पानी लिफ्ट कर सिंचाई के लिए कालीसिंध नदी मे पहुचाया जायगा…
पोषण आहार संयंत्र का किया लोकार्पण…
देवास। प्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ आज सोनकच्छ पहुंचे। मंडी प्रांगण में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री कमलनाथ ने 3489.82 करोड़ की नर्मदा कालीसिंध सिंचाई परियोजना का भूमिपूजन कर आधारशिला रखी। साथ ही खटाम्बा के पोषण आहार संयंत्र का लोकार्पण किया। इस मौके पर बागली की जनपद अध्यक्ष निर्मला कंठाली ने भाजपा छोड़कर कांग्रेस की सदस्यता ली, उनके साथ बागली की एक पार्षद भी कांग्रेस में शामिल हुई। मुख्यमंत्री कमलनाथ ने किसान कर्जमाफी योजना के तहत कई किसानों को कर्जमाफी के प्रमाणपत्र भी बांटे।

सोनकच्छ में आयोजित कमलनाथ के कार्यक्रम में प्रदेश के केबिनेट मंत्री सज्जन सिंह वर्मा, जिले के प्रभारी मंत्री जीतू पटवारी, मंत्री कमलेश्वर पटेल, मंत्री सचिन यादव सहित तमाम कांग्रेसी नेता मौजूद थे। देवास जिले के 90 हजार किसानों को लगभग 240 करोड़ की ऋणमाफी दी जा रही है। इसकी शुरुआत कमलनाथ ने कुछ किसानों को ऋणमाफी के प्रमाण पत्र वितरित करके की।
कमलनाथ ने सभा को सम्बोधित करते हुए कहा कि 60 दिन पहले कांग्रेस मंत्रिमंडल में शपथ ली थी। आज 60 दिन में जो हुआ आपके सामने है। भाजपा ने ऐसा प्रदेश हमें दिया जो किसानों की आत्महत्या में नंबर वन… बेरोजगारी में नंबर वन… महिला अत्याचार में नंबर वन…। हमने लगभग 250 करोड़ का कर्ज सिर्फ देवास जिले मे माफ किया। यह बड़ी चुनौती थी। हमने कर दिखाया। अब किसानों को सही मूल्य मिले इसके लिए हमारा कार्य शुरू है। अब किसानों को उनकी उपज का सही मूल्य कैसे मिले ? यह दूसरा कदम है। रोजगार के लिए युवा भटकता है। ये भी हमारी चुनौती है। कैसे निवेश आये? कैसे रोजगार मिले? आगे आने वाले डेढ़ महीने में लोकसभा का चुनाव होगा। मोदी जी कहते थे अच्छे दिन आएंगे, मैं पूछना चाहता हूं क्या आये अच्छे दिन?
उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि अब वे राष्ट्रवाद की बात करने लगे है। मैं पूछता हूं क्या आपकी पार्टी में एक स्वतंत्रता सेनानी है। हमारे 60 दिन की तस्वीर आपके सामने है यह कहते हुए उन्होंने जनता से उन्होंने कांग्रेस का साथ देने का आह्वान किया।