श्रवण यंत्र मिला तो खिल उठा नवीन का चेहरा, कलेक्टर ने सांकेतिक भाषा में किया संवाद

Amaltas

देवास/पीपलरावां। सरकारी शिविरों में अक्सर शिकायतें, आवेदन और योजनाओं के लाभ बांटने की तस्वीरें सामने आती हैं, लेकिन सोनकच्छ विकासखंड के पीपलरावां में आयोजित मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के शिविर में एक ऐसा दृश्य भी देखने को मिला, जिसने प्रशासनिक संवेदनशीलता को चर्चा में ला दिया।

मूक-बधिर बालक नवीन चंद्र केसावत को जब श्रवण यंत्र दिया गया तो कलेक्टर नेहा मीना ने सिर्फ उपकरण सौंपकर औपचारिकता पूरी नहीं की। वे खुद उसके पास पहुंचीं और सांकेतिक भाषा में उससे बातचीत करने लगीं। कलेक्टर को अपनी भाषा में संवाद करते देख नवीन के चेहरे पर मुस्कान आ गई। उसने भी इशारों में अपनी बात साझा की। शिविर का यह दृश्य लोगों के लिए खास आकर्षण बना।

दरअसल, शुक्रवार को पीपलरावां में मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत शिविर आयोजित किया गया था। इसमें विधायक डॉ. राजेश सोनकर, कलेक्टर नेहा मीना, एसपी आदित्य मिश्रा और जिला पंचायत सीईओ नवनीत कुमार धुर्वे ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को शिकायतों के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।

Madhur

30 दिव्यांगजनों को मिले सहायक उपकरण

Amaltas

शिविर में सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग की ओर से दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण वितरित किए गए। इनमें बैटरी चलित ट्राईसाइकिल, सामान्य ट्राईसाइकिल, कान की मशीन, व्हीलचेयर, बैसाखी, टीएलएम किट, कमोड चेयर और नी-बेल्ट सहित विभिन्न उपकरण शामिल थे। नवीन को भी इसी दौरान श्रवण यंत्र प्रदान किया गया।

ऋण स्वीकृति पत्र भी बांटे, विभागों ने लगाए स्टॉल

शिविर में विभिन्न शासकीय योजनाओं के तहत पात्र हितग्राहियों को ऋण स्वीकृति पत्र भी दिए गए। अलग-अलग विभागों के स्टॉल लगाकर ग्रामीणों को योजनाओं की पात्रता, लाभ और आवेदन प्रक्रिया की जानकारी दी गई। अभियान का उद्देश्य ग्रामीणों को सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगाने के बजाय स्थानीय स्तर पर सुविधाएं और समस्याओं के समाधान उपलब्ध कराना रहा।

कार्यक्रम में नगर परिषद अध्यक्ष कविता शर्मा, डीएफओ अमित सिंह, अपर कलेक्टर शोभाराम सोलंकी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।

शिविर में योजनाओं के लाभ और शिकायतों के निराकरण के बीच नवीन के साथ कलेक्टर का संवाद एक अलग संदेश छोड़ गया। किसी जरूरतमंद तक सुविधा पहुंचाना प्रशासनिक जिम्मेदारी है, लेकिन उसकी परेशानी और भावनाओं को समझने की कोशिश ही उस जिम्मेदारी को संवेदनशील बनाती है।

संपादक

Latest Posts

Enable Notifications OK No thanks