चोरी के गहने गलाकर बनवाया था सोने का ढिल्ला, चांदी सहित 5.60 लाख रुपए का माल बरामद

देवास। दीपावली पर सूने मकान को निशाना बनाकर लाखों के जेवर और नकदी चोरी करने वाले भोपाल के शातिर नकबजन को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने चोरी के आभूषण खरीदने वाले दो अन्य आरोपियों को भी पकड़ा है। तीनों के कब्जे से करीब 5.60 लाख रुपए कीमत का सोना और चांदी बरामद किया गया है।
मामला गजरा गियर्स कॉलोनी का है। फरियादी अश्विन विश्वकर्मा 7 नवंबर को परिवार सहित दीपावली मनाने अपने पैतृक गांव गए थे। इसी दौरान 7 और 8 नवंबर की दरमियानी रात बदमाशों ने सूने मकान का दरवाजा तोड़कर प्रवेश किया और पलंग पेटी में रखे शादी के सोने-चांदी के आभूषण व नकदी चोरी कर ली थी।
शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की। मुखबिर तंत्र और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस भोपाल के मुख्य आरोपी युनुस उर्फ भूरा तक पहुंची। उसके साथ चोरी के आभूषण खरीदने वाले अमित कुमार और इरफान को भी गिरफ्तार किया गया।

पुलिस के मुताबिक, चोरी के आभूषणों को गलाकर सोने का ढिल्ला तैयार कराया गया था। आरोपियों से सोने के ढिल्ले और चांदी सहित करीब 5.60 लाख रुपए का मशरूका बरामद हुआ है। शेष माल की बरामदगी के लिए पुलिस जांच कर रही है।

भोपाल में दर्ज हैं सात आपराधिक मामले
मुख्य आरोपी युनुस उर्फ भूरा आदतन अपराधी है। उसके खिलाफ भोपाल के निशातपुरा थाने में नकबजनी और चोरी के छह तथा आबकारी एक्ट का एक मामला पहले से दर्ज है। यानी उसके खिलाफ कुल सात आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।
तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया। आरोपी इरफान को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया, जबकि युनुस उर्फ भूरा और अमित कुमार को 30 नवंबर तक पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
कार्रवाई में कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक शशिकांत चौरसिया सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। देवास पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि घर सूना छोड़कर बाहर जाने पर सुरक्षा के इंतजाम करें और इसकी सूचना आसपास के लोगों व संबंधित थाने को दें।

