अब वनरक्षक भी सीखेंगे संरक्षण के गुर। खनन और ब्लास्टिंग से तबाह शंकरगढ़ पहाड़ी का कायाकल्प बना मिसाल। झाबुआ के प्रशिक्षु वनरक्षकों ने किया अध्ययन। जनभागीदारी से हरियाली लौटाने की कहानी जानी
वाटर कैचमेंट, चेकडैम और कंटूर ट्रेंच का किया अवलोकन। वन विभाग ने प्रशिक्षण में शामिल किया देवास का पर्यावरण संरक्षण मॉडल

दिलीप मिश्रा
देवास। कभी खनन, ब्लास्टिंग और क्रशर मशीनों के शोर से पहचानी जाने वाली शंकरगढ़ पहाड़ी आज हरियाली और पर्यावरण संरक्षण की नई पहचान बन चुकी है। जिस पहाड़ी का अस्तित्व खनन की वजह से संकट में था, उसी को वन विभाग, प्रशासन और जनभागीदारी के प्रयासों से नगर वन के रूप में विकसित करने की पहल अब दूसरे जिलों के वनकर्मियों के लिए अध्ययन का विषय बन रही है। देवास में हुए इस बदलाव की कहानी समझने झाबुआ के प्रशिक्षु वनरक्षक शंकरगढ़ पहुंचे। उन्होंने यहां केवल हरियाली ही नहीं देखी, बल्कि उन प्रयासों और तकनीकों को भी समझा, जिनसे एक उजड़े पहाड़ी क्षेत्र को पर्यावरण संरक्षण के मॉडल में बदलने की दिशा में काम हुआ।
प्रशिक्षण का हिस्सा बना शंकरगढ़ का कायाकल्प
मध्यप्रदेश शासन के वन विभाग के वन विद्यालय, झाबुआ (सामान्य वन मंडल) के 84वें वनरक्षक प्रशिक्षण सत्र के प्रशिक्षु वनरक्षकों ने अध्ययन भ्रमण के दौरान शंकरगढ़ पहाड़ी का निरीक्षण किया। वन विभाग द्वारा देवास के इस मॉडल को प्रशिक्षण का हिस्सा बनाया जाना इसकी उपयोगिता को दर्शाता है। भ्रमण के दौरान ग्रीन आर्मी के समरजीत जाधव ने प्रशिक्षुओं को जनभागीदारी वन की अवधारणा समझाई। उन्होंने बताया कि वन विभाग, प्रशासन, सामाजिक संस्थाओं और नागरिकों के सामूहिक प्रयासों से किस तरह खनन प्रभावित पहाड़ी को फिर से हरा-भरा बनाने का काम किया गया।
पानी और मिट्टी बचाने के इंतजामों को समझा
प्रशिक्षु वनरक्षकों ने पहाड़ी पर बनाए गए वाटर कैचमेंट एरिया, तालाब, गेबियन चेक डैम और कंटूर ट्रेंच का अवलोकन किया। उन्हें बताया गया कि वर्षा जल को रोकने, भूजल स्तर को बेहतर बनाने और मिट्टी के कटाव को नियंत्रित करने में इन संरचनाओं की अहम भूमिका है। इसके साथ ही सघन पौधरोपण, बायोडायवर्सिटी पार्क और आधुनिक नर्सरी के विकास की जानकारी भी दी गई।

पहाड़ बचेंगे तो जलस्रोत और जंगल भी बचेंगे
अध्ययन भ्रमण के दौरान पहाड़ी संरक्षण के व्यापक पर्यावरणीय महत्व पर भी चर्चा हुई। प्रशिक्षुओं को बताया गया कि पहाड़ केवल भौगोलिक संरचनाएं नहीं हैं, बल्कि नदियों, तालाबों, जंगलों और जलस्रोतों के अस्तित्व से भी सीधे जुड़े हैं। पहाड़ियों पर हरियाली और प्राकृतिक जल संरचनाओं का संरक्षण पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

सामूहिक प्रयासों से बदली शंकरगढ़ की पहचान
शंकरगढ़ पहाड़ी का बदलाव प्रशासनिक पहल के साथ जनभागीदारी की ताकत का उदाहरण है। वन विभाग, तत्कालीन कलेक्टर, प्रशासनिक अधिकारियों, सामाजिक संस्थाओं और जागरूक नागरिकों के प्रयासों ने इस क्षेत्र को नई पहचान देने में भूमिका निभाई। अध्ययन भ्रमण में ट्रेनिंग एसडीओ (फॉरेस्ट) सीमा सिंह, सेवानिवृत्त रेंजर एवं प्रशिक्षक विजय वर्मा, देवास डिप्टी रेंजर श्याम शर्मा, सोनकच्छ डिप्टी रेंजर कृष्णा यादव, शंकरगढ़ प्रभारी संदीप बोरीवाल और ग्रीन आर्मी के समरजीत जाधव सहित सभी प्रशिक्षु वनरक्षक उपस्थित रहे।

