निरीक्षण में अधीक्षक और तीन शिक्षक मिले अनुपस्थित, आश्रम में महज 10 बच्चे मिले उपस्थित

देवास। शासकीय विमुक्त जाति बालक आश्रम, धानीघाटी में व्यवस्थाओं और शैक्षणिक अनुशासन की स्थिति को लेकर कलेक्टर नेहा मीना ने सख्ती दिखाई। निरीक्षण के दौरान आश्रम अधीक्षक बिना अनुमति अनुपस्थित मिले, वहीं तीन शिक्षक भी ड्यूटी से नदारद पाए गए। आश्रम में महज 10 बच्चों की उपस्थिति मिलने पर जनशिक्षक की भूमिका पर भी सवाल उठे।
कलेक्टर ने अधीक्षक, तीनों शिक्षकों और संबंधित जनशिक्षक को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। निरीक्षण में छात्रावास की खिड़कियों की जालियां क्षतिग्रस्त मिलीं और साफ-सफाई की व्यवस्था सुधारने की जरूरत भी सामने आई। इस पर कलेक्टर ने मरम्मत और परिसर की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने आगामी शैक्षणिक सत्र में छात्रावास के लिए पात्र बच्चों का चिन्हांकन करने विशेष अभियान चलाने को कहा, ताकि अधिक से अधिक बच्चों को आवासीय सुविधा का लाभ मिल सके।

निरीक्षण में अपर कलेक्टर शोभाराम सोलंकी सहित संबंधित अधिकारी मौजूद थे।


