मंत्री दीपक जोशी के सामने कांग्रेस से मैदान में उतरे चौधरी
बड़ी तादाद में समर्थकों के साथ रैली के रूप में पहुंचे मनोज
मंत्री के सामने लड़ना नहीं मानते चुनौती कर्म पर जताते हैं भरोसा मनोज
देवास। देवास जिले की चर्चित विधानसभा हाटपिपल्या से आज कांग्रेसी उम्मीदवार मनोज चौधरी ने अपना नामांकन दाखिल किया। इससे पहले बड़ी तादाद में उनके समर्थक भोपाल चौराहे पर एकत्रित हुए, जहां से रैली के रूप में वे कलेक्ट्रेट पहुंचे। कलेक्ट्रेट पहुंचकर हाटपिपल्या विधानसभा क्षेत्र के रिटर्निंग ऑफीसर आर आर मीणा के समक्ष उन्होंने अपना नामांकन दाखिल किया। नामांकन दाखिल करने के बाद मीडिया से चर्चा में उन्होंने कहा कि मंत्री के सामने चुनाव लड़ने को वह चुनौती नहीं मानते वह अपने कर्म पर भरोसा रखते हैं।

हाटपिपल्या विधानसभा क्षेत्र से भाजपा से मंत्री दीपक जोशी चुनाव लड़ते हैं इस बार मंत्री दीपक जोशी का चुनावी मुकाबला करने के लिए कांग्रेस ने युवा नेता मनोज चौधरी को मैदान में उतारा है। मनोज चौधरी के समर्थक सुबह से ही भोपाल चौराहे पर इकट्ठे होने लगे। 11 बजे के लगभग बड़ी तादाद में युवाओं की भीड़ इकट्ठी हो गई। जहां से रैली के रूप में चौधरी कलेक्ट्रेट के लिए रवाना हुए रास्ते में जगह-जगह पुष्प माला पहनाकर उनका स्वागत किया गया। कलेक्ट्रेट पहुंचकर श्री चौधरी ने अपना नामांकन हाटपिपल्या विधानसभा के रिटर्निंग ऑफिसर आर आर मीणा के समक्ष दाखिल किया।
नामांकन भरने के बाद पत्रकारों से चर्चा करते हुए श्री चौधरी ने कहा कि न सिर्फ वे दमदारी से चुनाव लड़ेंगे बल्कि जीतेंगे भी। उन्होंने कहा जिसे अपने कर्मों पर भरोसा होता है उसके लिए कोई चुनौती बड़ी नहीं होती। हाटपिपल्या विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस के राजवीर सिंह बघेल द्वारा निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में नामांकन दाखिल किए जाने के संबंध में पूछे गए सवाल के जवाब में उन्होंने कहा नामांकन भरना एक स्वाभाविक प्रक्रिया है अभी पार्टी की समन्वय समिति की बैठक होगी जिसमें वरिष्ठ नेता गण चर्चा करेंगे। उन्होंने उम्मीद जताई कि सारे कांग्रेसी एक होकर चुनाव लड़ेंगे। चुनावी मुद्दों के मामले में उनका कहना है कि कई मुद्दे हैं अलग-अलग क्षेत्रों के हिसाब से जिन्हें लेकर वे मैदान में उतरेंगे।