अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ रैली के रूप में पहुंचे बघेल
हाटपिपलिया से तीन बार विधायक रहे ठाकुर राजेंद्र सिंह बघेल के पुत्र है राजवीर
देवास। देवास जिले की सभी पांचों विधानसभा सीटों पर कांग्रेस और भाजपा अपने-अपने प्रत्याशियों के नाम घोषित कर चुकी है। हाटपिपल्या विधानसभा क्षेत्र से भाजपा ने एक बार फिर मंत्री दीपक जोशी को मैदान में उतारा है, वहीं कांग्रेस ने युवा नेता मनोज चौधरी को टिकट दिया है। कांग्रेस द्वारा मनोज चौधरी को टिकट दिए जाने से खफा पूर्व विधायक राजेंद्र सिंह बघेल ने जहां अपने सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ कांग्रेस से इस्तीफा देने के संकेत दिए हैं वहीं निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में राजवीर सिंह बघेल ने आज अपना नामांकन दाखिल किया।

राजवीर सिंह बघेल अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ आज सुबह देवास पहुंचे चामुंडा कांप्लेक्स से रैली के रूप में वे कलेक्ट्रेट पहुंचे। जहां उन्होंने हाटपिपल्या विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ने के लिए निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में अपना नामांकन रिटर्निंग ऑफिसर RR मीणा के समक्ष प्रस्तुत किया।
नामांकन दाखिल करने के बाद राजवीर सिंह ने मीडिया से चर्चा में कहा कि जिन कार्यकर्ताओं के दम पर 20-25 साल हमने हाटपिपल्या विधानसभा क्षेत्र का नेतृत्व किया है। उन कार्यकर्ताओं की एक आवश्यक बैठक 12 तारीख को बुलाई है। बैठक में कार्यकर्ता जो निर्णय लेंगे उसी के अनुरूप अपनी रणनीति तय करेंगे। उन्होंने कहा उनके चुनाव लड़ने नहीं लड़ने का फैसला उन्होंने कार्यकर्ताओं पर ही छोड़ा रखा है। कार्यकर्ता कहेंगे तो वह निश्चित तौर पर यह चुनाव लड़ेंगे।