जम्मू-कश्मीर के बड़गाम में ड्यूटी के दौरान शहीद हुए थे देवास जिले के वीर सपूत, पार्थिव शरीर के गुजरने पर शहरवासियों ने नम आंखों से दी श्रद्धांजलि

देवास। देश की रक्षा करते हुए सर्वोच्च बलिदान देने वाले देवास जिले के वीर सपूत पवन यादव को गुरुवार को शहर ने भावभीनी श्रद्धांजलि दी। शहीद का पार्थिव शरीर जब देवास के सयाजी द्वार से गुजरा तो बड़ी संख्या में लोग अपने घरों और प्रतिष्ठानों से बाहर निकल आए। लोगों ने पुष्पवर्षा कर शहीद का अंतिम अभिनंदन किया। इस दौरान ‘अमर शहीद पवन यादव अमर रहें’ और भारत माता की जय के नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा।
शहीद पवन यादव देवास जिले की सोनकच्छ तहसील के ग्राम पोलाय जागीर के निवासी थे। वे जम्मू-कश्मीर के बड़गाम क्षेत्र में सेना में अपनी सेवाएं दे रहे थे। ड्यूटी के दौरान बर्फबारी के बीच उन्होंने देश की सुरक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर कर दिए। उनकी शहादत की खबर से पूरे जिले में शोक की लहर है।
सयाजी द्वार पर उमड़ा जनसमूह इस बात का गवाह बना कि देश के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले जवानों के प्रति लोगों के मन में कितना सम्मान है। पुष्पवर्षा और देशभक्ति के नारों के बीच देवास ने अपने वीर सपूत को अंतिम सलामी दी।

शहीद पवन यादव अपने पीछे परिवार और दो मासूम बच्चों को छोड़ गए हैं। एक ओर देश अपने वीर जवान की शहादत को नमन कर रहा है, वहीं दूसरी ओर परिवार के लिए यह अपूरणीय क्षति है।

वीर सपूत पवन यादव को शत-शत नमन।

