पिकअप से बाइक को टक्कर मारकर हत्या करने के मामले में आरोपी को उम्रकैद

Amaltas

देवास। मक्सी बायपास चौराहे पर पिकअप वाहन से मोटरसाइकिल को टक्कर मारकर एक व्यक्ति की हत्या करने के मामले में न्यायालय ने आरोपी को आजीवन सश्रम कारावास की सजा सुनाई है। करीब छह साल पुराने इस मामले में थाना बैंक नोट प्रेस (बीएनपी) पुलिस की विवेचना और अभियोजन पक्ष की प्रभावी पैरवी के बाद 17 नवंबर 2026 को प्रथम अपर सत्र न्यायाधीश उमाशंकर अग्रवाल ने आरोपी इरशाद खान को दोषी ठहराते हुए सजा सुनाई। न्यायालय ने आरोपी पर 15 हजार रुपए का अर्थदंड भी लगाया है।

पुलिस के अनुसार, घटना 29 मई 2020 को देवास के मक्सी बायपास चौराहे के ब्रिज के नीचे हुई थी। आरोपी इरशाद खान और उसके साथियों ने पिकअप वाहन से एक मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी थी। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई थी, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हुआ था। फरियादी अकबर पिता सिकंदर खान की रिपोर्ट पर बीएनपी थाने में अपराध क्रमांक 257/2020 के तहत हत्या, हत्या के प्रयास और अन्य धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया था।

प्रकरण की विवेचना तत्कालीन निरीक्षक तारेश सोनी ने की। पुलिस ने साक्ष्य जुटाकर न्यायालय में चालान पेश किया। सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष की ओर से अतिरिक्त लोक अभियोजक जयंती पौराणिक ने पैरवी की। प्रस्तुत साक्ष्यों के आधार पर न्यायालय ने इरशाद खान पिता कासम खान, निवासी ग्राम सियापुरा, देवास को भारतीय दंड संहिता की धारा 302 सहपठित धारा 34 के तहत दोषी पाते हुए आजीवन सश्रम कारावास की सजा सुनाई।

Madhur

प्रकरण में विवेचक निरीक्षक तारेश सोनी के साथ कोर्ट मोहर्रिर आरक्षक विष्णु कचनार, कोर्ट मुंशी आरक्षक रविदास सोलंकी और ओमप्रकाश जाट तथा वारंट मुंशी प्रधान आरक्षक सुनील पटेल की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Amaltas

चिन्हित हत्या प्रकरण में मिली इस सजा को देवास पुलिस ने प्रभावी विवेचना और सशक्त अभियोजन पैरवी का परिणाम बताया है।

संपादक

Latest Posts

Enable Notifications OK No thanks