पदाधिकारी बोले किसान की परेशानियों से लगातार प्रशासन को अवगत करा रहे हैं हम
सोनकच्छ (संदीप गुप्ता)। शनिवार को विपणन सेवा सहकारी संस्था सोनकच्छ द्वारा समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी के लिए बड़ा तोल कांटा प्रारंभ किया गया। इसी दौरान राष्ट्रीय किसान मजदूर महासंघ के प्रदेश महामंत्री त्रिलोक गोठी, जिला अध्यक्ष राजेंद्र सिंह नाहर, तहसील अध्यक्ष संतोष जाट द्वारा मीडिया को बताया गया कि महासंघ ने बीते गुरुवार को खरीदी केंद्र पर किसानों को आ रही समस्याओं से अवगत कराते हुए जिला कलेक्टर श्रीकांत पांडेय को एक ज्ञापन पत्र सौंपा था। साथ ही साथ शनिवार को सुबह 10:00 बजे तक स्थानीय मंडी प्रांगण में संस्था द्वारा खरीदी प्रारंभ नहीं किए जाने पर राष्ट्रीय किसान मजदूर महासंघ के पदाधिकारियों द्वारा एसडीएम को सूचना दी गई। जिसके बाद लगभग सुबह 11:00 बजे तक खरीदी प्रारंभ नहीं होने पर एसडीएम द्वारा ग्राम विस्तार अधिकारी बीके सोनी को मौके पर भेजा गया। तथा यहां सोनी के द्वारा पंचगणों के सामने पंचनामा तैयार किया गया।


कलेक्टर ने कल ही कह दिया था –
राष्ट्रीय किसान मजदूर महासंघ के जिला अध्यक्ष राजेंद्र सिंह नाहर ने मीडिया को बताया कि शुक्रवार शाम 6:13 के लगभग ही हमारे द्वारा जिला कलेक्टर से दूरभाष पर चर्चा की गई थी। तब उनके द्वारा शनिवार को ही केंद्र पर बड़ा तोलकांंटे से तौल प्रारंभ कराए जाने का आश्वासन दे दिया गया था।

कंटेंटमेंट एरिया के पास खरीदी, महासंघ ने जताया विरोध –
स्थानीय मंडी प्रांगण में विपणन सेवा सहकारी संस्था द्वारा समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी चल रही है। जिसे लेकर राष्ट्रीय किसान मजदूर महासंघ के पदाधिकारियों ने मीडिया को बताया कि शुक्रवार से वेयर हाउस पर भंडारण की पर्याप्त व्यवस्था न होने के चलते जिला प्रशासन द्वारा अतिरिक्त केंद्र के रूप में हाईवे पर स्थित आशा वेयरहाउस पर शनिवार सुबह से खरीदी प्रारंभ कराई गई। सर्व विदित है कि बीते दिनों में कोरोना संक्रमण का ग्राम पिलवानी में पहला मामला सामने आया था। वही आशा वेयर हाउस जहां खरीदी प्रारंभ की गई है वह जगह कंटेंटमेंट एरिया के पास है। साथ ही रात्रि के समय हाईवे पर अपने वाहनों के साथ रात गुजारने में दुर्घटना का अंदेशा बना रहता है। इन्हीं बातों पर हमनें प्रशासनिक अधिकारियों से चर्चा कर कहा कि हमें मैसेज यहां का प्राप्त हुआ है हम अयंत्र जगह अपनी उपज क्यों तौले…? हाईवे पर यद्यपि कल से कोई घटना दुर्घटना घटती है या हमारी जान माल को नुकसान होता है तो क्या प्रशासन उसकी जवाबदेही लेगा…?

अन्य खरीदी केंद्रों पर हालात जस के तस –
बड़े तोल कांटे के शुरू होते ही स्थानीय कृषि उपज मंडी प्रांगण में विपणन सेवा सहकारी संस्था द्वारा की जा रही खरीदी के दौरान यहां अपनी उपज बेचने आए किसान तो अब राहत महसूस कर लेंगे लेकिन स्थानीय हाईवे पर दौलतपुर सेवा सहकारी संस्था द्वारा भुनेश्वरी वेयरहाउस पर एवं विपणन सेवा सहकारी संस्था सोनकच्छ द्वारा जय किसान वेयर हाउस पर चल रहे खरीदी केंद्रों की अव्यवस्थाओं पर अभी तक किसी जनप्रतिनिधि व प्रशासन द्वारा कोई ठोस कदम नहीं उठाये गये है।वहीं अब इन केंद्रों पर भी अव्यवस्थाओं से बेहाल हताहत किसान समस्याओं से छुटकारा पाने हेतु विधायक वर्मा व किसान महासंघ से उम्मीद लगाए बैठे है।
अनाज भंडारण के लिए वेयर हाउस में जगह समाप्त हो चुकी थी। भंडारण के लिये पर्याप्त जगह करने में थोड़ा समय लगता। इस दौरान किसानों को और परेशान ना होना पड़े। इसलिए जिला प्रशासन द्वारा अतिरिक्त केंद्र आशा वेयरहाउस पर खरीदी प्रारंभ कराई गई। मैंने तहसीलदार को आज ही वहां मौका मुआयना करने भेजा था। वह जगह कंटेंटमेंट एरिया से दूर है। यद्यपि फिर भी किसान वहां से संतुष्ट नहीं होते तो दूसरी जगह का चुनाव कर दिया जायेगा।
अंकिता जैन
एसडीएम सोनकच्छ