
उज्जैन में पुलिस की कार्रवाई, आरोपी पहले भी NDPS मामले में काट चुकी है 10 साल की सजा; रतलाम के तस्कर से जुड़े तार
उज्जैन। नशे के अवैध कारोबार में तस्कर अब उम्र का भी लिहाज नहीं कर रहे हैं। उज्जैन में पुलिस ने 60 वर्षीय महिला को 100 ग्राम MD ड्रग्स के साथ गिरफ्तार किया है। महिला स्कूटी की डिक्की में नशे की खेप छिपाकर ले जा रही थी। बरामद ड्रग्स की कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई गई है। चौंकाने वाली बात यह है कि आरोपी महिला पहले भी NDPS एक्ट के मामले में 10 साल की सजा काट चुकी है।
मामला घट्टिया थाना क्षेत्र की पानबिहार चौकी का है। बुधवार देर रात पुलिस गरोठ हाईवे के पास पानबिहार-बच्चूखेड़ा रोड पर वाहनों की नियमित जांच कर रही थी। इसी दौरान उज्जैन की ओर जा रही एक स्कूटी को रोककर तलाशी ली गई। स्कूटी की डिक्की से 100 ग्राम MD ड्रग्स मिलने पर पुलिस ने चालक महिला को हिरासत में ले लिया।

आरोपी की पहचान आगर नाका निवासी नजमा पति शब्बीर खान (60) के रूप में हुई है। पुलिस पूछताछ में महिला ने रतलाम जिले के ताल निवासी नय्यूम खान से ड्रग्स लाने की बात बताई है। शुरुआती जांच में रतलाम से उसके संपर्क सामने आए हैं।

कहां पहुंचाई जानी थी ड्रग्स, नेटवर्क की तलाश
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि ड्रग्स की यह खेप कहां पहुंचाई जानी थी और इसके पीछे कौन-कौन लोग सक्रिय हैं। आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 8/12 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। उसे न्यायालय में पेश कर रिमांड लेने की तैयारी है, ताकि पूछताछ में नशा तस्करी से जुड़े अन्य लोगों और पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा सके।
उज्जैन के एडिशनल एसपी मनस्वी शर्मा ने बताया कि रूटीन चेकिंग के दौरान स्कूटी की तलाशी में 100 ग्राम MD ड्रग्स बरामद हुई है। इसकी कीमत करीब 10 लाख रुपये है। प्रारंभिक जांच में आरोपी के रतलाम से तार जुड़े मिले हैं। रिमांड पर पूछताछ कर इस कारोबार में शामिल अन्य लोगों तक पहुंचने का प्रयास किया जाएगा।

