“कचरा बिनने की आड़ में फैक्ट्री में की थी सेंधमारी, पुलिस ने 12 घंटे में किया पर्दाफाश”

Amaltas

देवास | औद्योगिक क्षेत्र
शहर के औद्योगिक क्षेत्र में “कचरा बिनने” की आड़ में फैक्ट्री में रैकी कर चोरी करने वाले गिरोह का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। “ऑपरेशन त्रिनेत्रम” के तहत जनसहयोग से लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से मात्र 12 घंटे में दो आरोपी और एक अपचारी बालक को गिरफ्तार कर लिया गया।

1 जुलाई की रात हुई थी चोरी

फरियादी द्वारा 7 जुलाई को थाना औद्योगिक क्षेत्र में रिपोर्ट दर्ज करवाई गई थी कि 1 जुलाई की रात अज्ञात चोरों ने वेल्सपन कंपनी के प्रोजेक्ट गोदाम से लोहे का सामान चोरी कर लिया। इस पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 602/2025 धारा 305(ए), 331(3) बीएनएस 2023 के तहत प्रकरण दर्ज किया।

CCTV फुटेज और मुखबिर की मदद से मिले सुराग

पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई, जिसमें एएसपी जयवीर सिंह भदौरिया और डीएसपी संजय शर्मा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक शशिकांत चौरसिया के नेतृत्व में टीम ने जांच शुरू की। CCTV फुटेज और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपी ग्राम मुंदीखेड़ी (जिला सीहोर) से पकड़े गए।

चोरी का सामान और मशीन जब्त

गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में खुलासा हुआ कि वे फैक्ट्री में कचरा बीनने के बहाने रैकी कर चोरी की वारदात को अंजाम देते थे और सामान भंगार वाले को बेच देते थे। पुलिस ने उनके कब्जे से कुल 36 किलो लोहे, एल्युमीनियम और प्लास्टिक के सामान के टुकड़े, और 20 हजार रुपये की मशीन बरामद की जो चोरी के सामान को काटने में प्रयुक्त की जाती थी।

इनकी रही अहम भूमिका

इस सफलता में थाना प्रभारी शशिकांत चौरसिया, उपनिरीक्षक गोविंद बडोलिया, प्रधान आरक्षक शैलेन्द्र राणा, आरक्षक अजय जाट, लक्ष्मीकांत शर्मा एवं म.आर. मोनिका शर्मा की अहम भूमिका रही।

संपादक

Latest Posts

Enable Notifications OK No thanks