झोलाछाप डॉक्टर की लापरवाही से बिगड़ी नाबालिग की हालत

Rai Singh Sendhav

पुलिस ने आरोपी को भेजा जेल

देवास। थाना हरणगांव पुलिस ने अवैध रूप से चिकित्सा कार्य कर रहे एक झोलाछाप डॉक्टर के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी की लापरवाही से 16 वर्षीय नाबालिग बालिका की हालत गंभीर हो गई थी, जिसे बाद में इंदौर के इंडेक्स अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 13 दिसंबर 2025 को फरियादिया ने थाना हरणगांव में शिकायत दर्ज कराई कि उसकी 16 वर्षीय बेटी को पैर में लोहे के चैनल गेट से चोट लगी थी। उपचार के लिए उसे मनोरा स्थित एक डॉक्टर के पास ले जाया गया, लेकिन इलाज के बाद बालिका की तबीयत बिगड़ती चली गई और पैर में गंभीर इंफेक्शन हो गया। स्थिति बिगड़ने पर बालिका को इंदौर के इंडेक्स अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।

जांच के दौरान सामने आया कि मनोरा में इलाज करने वाला तथाकथित डॉक्टर किसी भी मान्यता प्राप्त चिकित्सा डिग्री का धारक नहीं है और अवैध रूप से क्लिनिक संचालित कर रहा था। इस पर थाना हरणगांव में अपराध क्रमांक 223/25 के तहत धारा 110 बीएनएस एवं 34 नेशनल मेडिकल कमिशन एक्ट में मामला दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई।

प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक देवास के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) सौम्या जैन के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी कन्नौद आदित्य तिवारी के निर्देशन में थाना प्रभारी हरणगांव निरीक्षक अभिषेक सिंह सेंगर के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी एवं भौतिक साक्ष्यों के साथ मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर आरोपी महेंद्र पिता रामगोपाल सेंगर (38 वर्ष), निवासी नर्मदा कॉलोनी, खातेगांव को 15 दिसंबर 2025 को गिरफ्तार किया।

पुलिस ने आरोपी के मनोरा स्थित झोलाछाप क्लिनिक से दवाइयां जब्त कर क्लिनिक को सील कर दिया है। आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत कर जेल भेज दिया गया।

पुलिस टीम का सराहनीय योगदान

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी अभिषेक सिंह सेंगर के साथ प्रधान आरक्षक ओमप्रकाश पाटिल, आरक्षक संजय सोलंकी, बलवान, संदीप ठाकुर एवं महेंद्र टेकाम की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिनके कार्य की वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा सराहना की गई है।

पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे इलाज के लिए केवल पंजीकृत एवं योग्य चिकित्सकों से ही संपर्क करें, ताकि इस प्रकार की घटनाओं से बचा जा सके।

संपादक

+ posts
Enable Notifications OK No thanks