समाधान ऑनलाइन में जनसमस्याओं पर सख्त हुए डॉ. मोहन यादव। पर्यवेक्षक की वेतन वृद्धि रोकी। सैनिक के परिवार को 10 लाख की सहायता

देवास। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने देवास में आयोजित समाधान ऑनलाइन कार्यक्रम में जनसमस्याओं की सुनवाई के दौरान अधिकारियों की लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की। शिकायतों के निराकरण में उदासीनता और संबंधित प्रकरण की फाइल प्रस्तुत नहीं कर पाने पर देवास के महाप्रबंधक उद्योग रतन सिंह डावर को निलंबित कर दिया। वहीं, लाड़ली लक्ष्मी योजना की छात्रवृत्ति में लापरवाही पर महिला एवं बाल विकास विभाग की संबंधित पर्यवेक्षक की एक वेतन वृद्धि रोकने के निर्देश दिए। नल-जल योजना की शिकायत पर संबंधित ठेकेदार पर 10 लाख रुपये की पेनल्टी भी लगाई गई।
पॉलिटेक्निक कॉलेज में मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत हुए इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने देवास जिले के आवेदकों से सीधे बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को तत्काल निराकरण के निर्देश दिए।
फाइल नहीं दे पाए, महाप्रबंधक पर गिरी गाज
एक आवेदक की समस्या का समय पर समाधान नहीं होने और संबंधित प्रकरण की नस्ती प्रस्तुत नहीं कर पाने पर मुख्यमंत्री ने नाराजगी जताई। उन्होंने इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए महाप्रबंधक उद्योग रतन सिंह डावर को निलंबित करने के निर्देश दिए।

छात्रवृत्ति दूसरे खाते में पहुंची, पर्यवेक्षक की वेतन वृद्धि रोकी
आवेदिका सलोनी सिसोदिया ने लाड़ली लक्ष्मी योजना की छात्रवृत्ति नहीं मिलने की समस्या रखी। जांच में सामने आया कि छात्रवृत्ति की राशि दूसरे खाते में जमा हो गई थी। संबंधित पर्यवेक्षक ने इस मामले में जरूरी फॉलोअप नहीं किया और राशि सलोनी के खाते में जमा कराने की कार्रवाई भी नहीं की। इस पर मुख्यमंत्री ने पर्यवेक्षक की एक वेतन वृद्धि रोकने के निर्देश दिए।

नल-जल योजना में लापरवाही, ठेकेदार पर 10 लाख की पेनल्टी
आवेदक सुरेश मालवीय की नल-जल योजना से जुड़ी शिकायत पर मुख्यमंत्री ने नाराजगी जताई। मामले में लापरवाही सामने आने पर संबंधित ठेकेदार पर 10 लाख रुपये की पेनल्टी लगाने के निर्देश दिए।
सैनिक के परिवार को 10 लाख की सहायता, शहीद का दर्जा देने पर भी विचार
सैनिक स्व. पवन यादव के परिवार को मुख्यमंत्री ने 10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि शहीदों के परिवारों का सम्मान और सहयोग सरकार की प्राथमिकता है। सैनिक के प्रकरण का परीक्षण कर उन्हें शहीद का दर्जा देने पर भी विचार किया जा रहा है।
किसान को 50 हजार की सहायता
वन अधिकार पट्टाधारी किसान लाल सिंह को फसल बीमा की राशि नहीं मिलने का मामला भी सामने आया। मुख्यमंत्री ने किसान को 50 हजार रुपये की सहायता देने की घोषणा की और संबंधित अधिकारियों को भुगतान की प्रक्रिया जल्द पूरी करने के निर्देश दिए।
कार्यक्रम में करण देवड़ा, नीरज दुबे, सलोनी सिसोदिया, हरेंद्र पांचाल और लाल सिंह सहित अन्य आवेदकों की समस्याएं सुनी गईं। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सभी शिकायतों का समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने साफ कहा कि आम लोगों की समस्याओं के समाधान में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस दौरान मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल, संभागायुक्त आशीष सिंह, कलेक्टर नेहा मीना, पुलिस अधीक्षक आदित्य मिश्रा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

