जबलपुर से देवास होते हुए इंदौर-उज्जैन तक बनेगा औद्योगिक कॉरिडोर, देवास को मिलेगा विस्तार का रास्ता

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने उद्यमियों से किया संवाद, बोले- औद्योगिक क्षेत्रों में जमीन, पानी और बुनियादी सुविधाओं की समस्या दूर करेगी सरकार

Amaltas

देवास। जबलपुर से देवास होते हुए इंदौर और उज्जैन तक औद्योगिक कॉरिडोर विकसित किया जाएगा। इससे देवास के उद्योगों को विस्तार के लिए जमीन की उपलब्धता की समस्या दूर होने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को देवास में मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत आयोजित उद्यमी संवाद कार्यक्रम में यह घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि देवास प्रदेश का स्थापित औद्योगिक केंद्र है और यहां उद्योगों के विस्तार की अपार संभावनाएं हैं। सरकार निवेश को बढ़ावा देने के साथ उद्योगों के लिए अनुकूल माहौल तैयार कर रही है। औद्योगिक क्षेत्रों में बिजली, पानी और सड़क जैसी बुनियादी सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा। उद्योगों के उत्पादों की गुणवत्ता जांचने के लिए आधुनिक प्रयोगशाला स्थापित करने की दिशा में भी काम होगा। उन्होंने बताया कि देवास के पास देश का पहला डीप टेक रिसर्च पार्क भी विकसित किया जा रहा है, जिससे उद्योगों को आधुनिक तकनीक और अनुसंधान का लाभ मिलेगा।

औद्योगिक क्षेत्रों में होटल और आवास की सुविधा भी

मुख्यमंत्री ने बताया कि औद्योगिक पार्कों में अब आवासीय और व्यावसायिक गतिविधियों की अनुमति के प्रावधान किए जा रहे हैं। इससे फाइव स्टार होटल, व्यावसायिक प्रतिष्ठान और श्रमिकों के लिए आवास जैसी सुविधाएं विकसित हो सकेंगी। उन्होंने उद्यमियों को ई-कॉमर्स और डिजिटल माध्यमों से अपने उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाने के लिए भी प्रोत्साहित किया।

Madhur

उद्यमियों ने बताईं जमीन और पानी की समस्याएं

संवाद के दौरान देवास के उद्यमियों ने औद्योगिक विस्तार में आ रही समस्याएं मुख्यमंत्री के सामने रखीं। अशोक खंडेलिया ने बताया कि देवास में 1100 से अधिक उद्योग संचालित हैं और यहां बुनियादी सुविधाओं के उन्नयन की जरूरत है। विपिन जैन ने उद्योगों के लिए जमीन और पानी की उपलब्धता का मुद्दा उठाया।

Amaltas

अमरजीत सिंह खनूजा ने पुराने औद्योगिक क्षेत्रों में सुविधाएं बेहतर बनाने की मांग की। मनीष ने कहा कि पानी की समुचित व्यवस्था होने पर वे देवास में भी फूड प्रोसेसिंग इकाई स्थापित करना चाहेंगे। उन्होंने बैंक ऋण की प्रक्रिया सरल बनाने का सुझाव दिया।

दीपक लालवानी ने पशु आहार की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए प्रयोगशाला स्थापित करने और हानिकारक सामग्री के इस्तेमाल पर रोक लगाने की मांग की। इस पर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए। वहीं, अनिल माहेश्वरी ने उद्योगों के लिए भूमि आवंटन की समस्या उठाई। मुख्यमंत्री ने जिला उद्योग अधिकारी को एक सप्ताह में इसका निराकरण करने के निर्देश दिए।

कार्यक्रम में मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल, मुख्यमंत्री कार्यालय के सचिव डॉ. सुदाम खाड़े, संभागायुक्त आशीष सिंह, सांसद महेंद्र सिंह सोलंकी, विधायक गायत्री राजे पवार, आशीष शर्मा, मनोज चौधरी, मुरली भंवरा, डॉ. राजेश सोनकर सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में उद्यमी मौजूद रहे।

संपादक

Latest Posts

Enable Notifications OK No thanks