
देवास। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल शुक्रवार को देवास स्थित पिछड़ा वर्ग पोस्ट मैट्रिक बालक छात्रावास पहुंचे। यहां उन्होंने छात्रावास की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और विद्यार्थियों से सीधे बातचीत कर उनकी समस्याओं और सुविधाओं की जानकारी ली।
मुख्य सचिव ने विद्यार्थियों से मेस के नियमित संचालन, भोजन की गुणवत्ता और छात्रावास में मिल रही अन्य सुविधाओं के बारे में पूछा। उन्होंने रसोईघर का निरीक्षण कर साफ-सफाई और भोजन व्यवस्था को लेकर जरूरी निर्देश दिए। साथ ही छात्रावास में संचालित कोचिंग व्यवस्था, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी और विद्यार्थियों के कॉलेज में पढ़ाए जा रहे विषयों की जानकारी भी ली।
इस दौरान उन्होंने खेलकूद और अन्य गतिविधियों के बारे में भी चर्चा की। निरीक्षण में सचिव मुख्यमंत्री कार्यालय डॉ. सुदाम खाड़े, संभाग आयुक्त आशीष सिंह, कलेक्टर नेहा मीना, एसपी आदित्य मिश्रा और जिला पंचायत सीईओ नवीत कुमार धुर्वे सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।


