9वां ड्रग तस्कर PIT-NDPS में गिरफ्तार, केंद्रीय जेल इंदौर भेजा

Amaltas

देवास। नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ देवास पुलिस की सख्ती लगातार जारी है। आदतन ड्रग तस्करों पर शिकंजा कसते हुए थाना नाहर दरवाजा पुलिस ने PIT-NDPS अधिनियम के तहत एक और आरोपी को गिरफ्तार कर केंद्रीय जेल इंदौर में निरुद्ध कराया है। इसके साथ ही जिले में PIT-NDPS के तहत अब तक कुल 9 आरोपियों के खिलाफ गिरफ्तारी की कार्रवाई हो चुकी है।

पुलिस के अनुसार शौकत शाह पिता कुर्बान शाह (58), निवासी मोहसीनपुरा, देवास वर्ष 2025 से NDPS एक्ट के तहत दर्ज 3 अपराधों में संलिप्त रहा है। पुलिस अधीक्षक देवास एवं जिला दण्डाधिकारी के प्रतिवेदन के आधार पर आयुक्त उज्जैन संभाग आशीष सिंह ने PIT-NDPS अधिनियम 1988 की धारा 3(1) के तहत आरोपी को एक वर्ष के लिए केंद्रीय जेल इंदौर में निरुद्ध करने का आदेश जारी किया था।

आदेश के पालन में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर केंद्रीय जेल इंदौर भेज दिया।

देवास पुलिस का कहना है कि ड्रग तस्करों और आदतन अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कार्रवाई की जा रही है। केवल गिरफ्तारी तक सीमित न रहते हुए PIT-NDPS, जिलाबदर, बाउंड ओवर सहित अन्य वैधानिक प्रावधानों का भी इस्तेमाल किया जा रहा है।

पुलिस के मुताबिक कुछ दिन पहले 8 आरोपियों के खिलाफ PIT-NDPS के तहत कार्रवाई की गई थी। अब एक और आरोपी की गिरफ्तारी के बाद यह संख्या 9 तक पहुंच गई है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त आदतन अपराधियों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

संपादक

+ posts
Enable Notifications OK No thanks