पतंग–तिलगुड़ के संग उल्लास का संदेश, विधायक गायत्री राजे पवार ने किया “आनंद उत्सव” का शुभारंभ

देवास। मकर संक्रांति के पावन अवसर पर शहर में उल्लास और परंपरा का अद्भुत संगम देखने को मिला, जब विधायक गायत्री राजे पवार ने गजरा गियर्स चौराहा पर पतंग और तिल–गुड़ वितरित कर “आनंद उत्सव” का भव्य शुभारंभ किया। रंग–बिरंगी पतंगों से सजा आसमान और नागरिकों की मुस्कान ने पूरे वातावरण को उत्सवमय बना दिया।

Rai Singh Sendhav

कार्यक्रम का उद्देश्य पारंपरिक खेलों और भारतीय संस्कृति को प्रोत्साहित करते हुए समाज में सामुदायिक एकजुटता और सामाजिक समरसता को मजबूत करना रहा। विधायक गायत्री राजे पवार ने बच्चों व नागरिकों के साथ तिल–गुड़ बांटते हुए मकर संक्रांति के सांस्कृतिक महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि शासन के निर्देशानुसार नगर निगम द्वारा यह “आनंद उत्सव” 14 से 28 जनवरी तक शहर के विभिन्न स्थानों पर आयोजित किया जाएगा।

उत्सव के दौरान विधायक ने स्वयं पतंग उड़ाकर बच्चों और युवाओं का उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर विधायक एवं महापौर प्रतिनिधि दुर्गेश अग्रवाल, सभापति रवि जैन, जिलाध्यक्ष रायसिंह सेंधव, निगम स्वास्थ्य समिति अध्यक्ष धर्मेन्द्र सिंह बैस, लोक निर्माण समिति अध्यक्ष गणेश पटेल सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी पतंगबाजी का आनंद लिया।

विधायक गायत्री राजे पवार ने नागरिकों को मकर संक्रांति की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व हमें तिल–गुड़ जैसी मिठास और पतंग जैसी ऊंची उड़ान की प्रेरणा देता है। “आनंद उत्सव” के माध्यम से समाज के सभी वर्गों को जोड़कर खुशियां बांटने का यह प्रयास सराहनीय पहल है।

इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष देवेन्द्र नवगोत्री, पार्षद राजेन्द्र ठाकुर, पार्षद प्रतिनिधि बाबू यादव, भाजपा नेता विपुल अग्रवाल, जितेन्द्र जायसवाल सहित बड़ी संख्या में नागरिकगण उपस्थित रहे और उत्सव का आनंद लिया।

संपादक

+ posts
Enable Notifications OK No thanks