प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य ने भाजपा सरकार को लिया आड़े हाथों

सोनकच्छ (संदीप गुप्ता)। शनिवार रात्रि में समीपस्थ ग्राम सोनकच्छी के किसान जोगेंद्र पिता लाखन सिंह सेंधव ने अपने घर में फांसी लगाकर जीवन लीला समाप्त कर ली। कहा जा रहा है कि किसान आंदोलन के अंतर्गत दर्ज प्रकरणों से व कर्ज से मानसिक रूप से प्रताड़ित होकर जोगेंद्र ने अपनी जीवन लीला समाप्त की है। वहीं रविवार सुबह पीएम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। स्थानीय पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर, जांच में ले लिया है।
इधर इस घटना के बाद सरपंच संघ के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य महेंद्र सिंह तालोद ने भाजपा सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि सरकार की कथनी और करनी में अंतर नजर आ रहा है। भाषणों के बजाय किसान आंदोलन में दर्ज प्रकरणों को कागजों पर भी वापस लिया जाए। आज किसान बेहाल है कर्ज से परेशान होकर आत्महत्या करने को मजबूर हो रहे हैं। शीघ्र ही कर्ज माफी के साथ-साथ फसल बीमा दिया जाना चाहिए। इसके साथ ही महेंद्र सिंह तालोद ने सरकार से सोनकच्छी के इस पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है।