लूट और अंधे कत्ल के तीन आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़े, तीन की तलाश जारी
बाग टांडा क्षेत्र के हैं आरोपी…
मजदूरी के नाम पर काठबड़ौदा आकर की थी रेकी…
आरोपियों से और भी वारदातों का खुलासा होने की उम्मीद…
हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी जप्त…
लूट का छह लाख के जेवरात बरामद…
देवास पुलिस को मिली बड़ी सफलता…
देवास। करीब 70 दिन पहले हाट बाजार में सोने चांदी का व्यापार करने वाले सुरेश सोनी और उनके भतीजे राम कुमार के साथ टोंकखुर्द के समीप हुई लूट और सुरेश सोनी के अंधे कत्ल का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। इस अपराध में लिप्त छह आरोपियों में से तीन को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। लूट की वारदात का करीब 5 लाख का मश्रुका बरामद करने में भी पुलिस को कामयाबी मिली है। पुलिस के मुताबिक मुख्य आरोपी धार जिले के बाग टांडा क्षेत्र का हैं जो मजदूरी के नाम पर यहां आया था और ग्राम काठबड़ौदा में रहते हुए उसने सुरेश सोनी और रामकुमार सोनी की रेकी करने के बाद अपने साथियों को बुला कर इस वारदात को अंजाम दिया था। मुख्य आरोपी सहित तीन बदमाशों की पुलिस सरगर्मी से तलाश कर रही है।

आपको बता दें 25 फरवरी को काठबड़ौदा के हाट बाजार से लौट रहे सुरेश सोनी और उनके भतीजे राम कुमार सोनी जब टोंकखुर्द से पहले रंधन खेड़ी के समीप से गुजर रहे थे तभी उनके साथ लूट की वारदात हुई और इस घटना में बदमाशों ने कुल्हाड़ी से हमला कर सुरेश सोनी की हत्या कर दी थी। यह अंधा कत्ल और लूट की वारदात देवास पुलिस के लिए चुनौती बनी हुई थी। इस घटना को लेकर टोंक में चक्का जाम जैसे आंदोलन भी हुए थे। इस घटना को लेकर उज्जैन आईजी राकेश गुप्ता और डीआईजी अनिल शर्मा से भी मार्गदर्शन लिए गए। देवास पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर सोलंकी ने एडिशनल एसपी जगदीश डाबर के निर्देशन में विशेष टीम गठित की। साइबर डीएसपी किरण शर्मा की अगुवाई में गठित की गई टीम में बरोठा थाना प्रभारी ओपी अहिर टोंकखुर्द थाना प्रभारी सुनील यादव और सुसनेर के थाना प्रभारी योगेंद्र सिसोदिया को जिम्मेदारी सौंपी गई। काठबड़ौदा क्षेत्र में लगातार पतारसी के बाद पुलिस को सूचना मिली कि काठबड़ौदा में बाग टांडा क्षेत्र से मजदूरी करने आएगा मजदूर दिनेश भूरिया घटना दिनांक से ही गायब है। उसके बाद पुलिस ने अपना साइबर तंत्र सक्रिय किया। दिनेश भूरिया उस दौरान किन किन के संपर्क में रहा, यह जानकारी लगाने में पुलिस को समय नहीं लगा और पुलिस को पता लगा कि घटना दिनांक को दिनेश भूरिया के के साथ सुनील अलावा वन सिंह उर्फ वंशी वारियां और मगन अमिलिया काठबड़ौदा क्षेत्र में मौजूद थे।
पुलिस की टीम ने बाग टांडा क्षेत्र में दबिश देकर आरोपी सुनील अलावा, वंशी और मगन को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में इन आरोपियों ने वारदात को अंजाम देना कुबूल किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 6 किलो चांदी 49 ग्राम सोना वारदात में प्रयुक्त कुल्हाड़ी बरामद कर ली है। पुलिस को अब इस मामले में मुख्य आरोपी दिनेश भूरिया सहित दो अन्य आरोपियों की तलाश है।
पुलिस की इस कार्रवाई में विशेष टीम में शामिल उप निरीक्षक अमित सोलंकी प्रधान आरक्षक कमल सिंह आरक्षक अशोक दुबे देवेंद्र चौहान जितेंद्र गोस्वामी धर्मराज सिंह सुरेश शर्मा साइबर सेल आरक्षक सचिन चौहान शिव प्रताप सिंह सेंगर का सराहनीय योगदान रहा। इस लूट एवम अंधे कत्ल का पर्दाफाश करने पर पुलिस की विशेष टीम को ₹30000 का इनाम दिया जाएगा।