सिगरेट से दागा, 25 हजार की फिरौती मांगी — 4 आरोपी गिरफ्तार

Rai Singh Sendhav

स्विफ्ट डिजायर में अगवा कर भोपाल ले गए, बैंक नोट प्रेस थाना पुलिस की तेज कार्रवाई

देवास। नए साल की रात खेत से लौट रहे युवक का कार सवार बदमाशों ने अपहरण कर लिया, बेरहमी से मारपीट की और 25 हजार रुपये की फिरौती मांगी। जलती सिगरेट से दागकर गंभीर चोट पहुंचाने की इस सनसनीखेज वारदात में थाना बैंक नोट प्रेस पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार 1 जनवरी 2026 की रात करीब 11:30 बजे फरियादी खेत से घर लौट रहा था। तभी सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर कार में सवार चार बदमाशों ने उसे जबरन कार में बैठा लिया और भोपाल की ओर ले गए। रास्ते भर गाली-गलौज, हाथ-मुक्कों से मारपीट की गई। आरोपियों ने युवक को जलती सिगरेट से दागा और 25 हजार रुपये देने की धमकी दी।

मामले में थाना बैंक नोट प्रेस में अपराध क्रमांक 06/2026 धारा 140(4), 308(5), 118(1), 3(5) भारतीय न्याय संहिता के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक देवास पुनीत गेहलोद के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) जयवीर भदौरिया, उप पुलिस अधीक्षक (एलआर) संजय शर्मा एवं उप पुलिस अधीक्षक बबीता बामनिया के निर्देशन में थाना प्रभारी प्रीति कटारे के नेतृत्व में टीम ने इंदौर-भोपाल बायपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर सूचना के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तार आरोपियों में राजेश सिंह (न्यू गौरी नगर इंदौर), सोनू राजपूत (फंदा, खजूरी सड़क भोपाल), दानीश मोलाना (नारियलखेड़ा भोपाल) और आफ्ताब (गीता नगर इंदौर) शामिल हैं। पुलिस के अनुसार आरोपियों के खिलाफ पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड भी मिले हैं।

चारों आरोपियों से पूछताछ जारी है और अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

महत्वपूर्ण बिंदु:

▪ खेत से लौटते समय अपहरण

▪ भोपाल ले जाकर की गई बेरहमी से मारपीट

▪ जलती सिगरेट से दागकर दी यातना

▪ 25 हजार रुपये की फिरौती की मांग

▪ सीसीटीवी फुटेज से खुला राज, चारों आरोपी गिरफ्तार

संपादक

+ posts
Enable Notifications OK No thanks