पुलिस की संवेदनशील कार्रवाई
देवास। एक माह से लापता नाबालिग बेटी के सुरक्षित घर लौटते ही परिजनों की आँखों से बहते आँसू अब खुशी में बदल गए। यह संभव हो सका देवास पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन मुस्कान” की बदौलत, जिसने एक बार फिर अपने नाम को सार्थक करते हुए परिवार के जीवन में मुस्कान लौटा दी।
थाना उदयनगर क्षेत्र की नाबालिग बालिका, जो अपराध क्रमांक 501/2025 धारा 137(2) बीएनएस के तहत लापता थी, को थाना उदयनगर पुलिस ने लगभग एक माह की सतत खोजबीन के बाद सकुशल दस्तयाब कर लिया। बालिका की बरामदगी के बाद परिजनों ने पुलिस टीम का आभार जताया और भावुक हो उठे।
पुलिस अधीक्षक श्री पुनीत गेहलोद के निर्देशन में जिलेभर में अपहृत नाबालिग बालक-बालिकाओं की तलाश को मानवीय जिम्मेदारी के रूप में लिया जा रहा है। इसी कड़ी में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री हरनारायण बाथम, एसडीओपी बागली सुश्री सृष्टि भार्गव तथा थाना प्रभारी उदयनगर श्रीमती दर्शना मुजाल्दे के नेतृत्व में गठित टीम ने लगातार तकनीकी साक्ष्य, मुखबिर तंत्र और मैदानी निगरानी के माध्यम से तलाश जारी रखी।
जांच के दौरान मिली अहम सूचना के आधार पर पुलिस टीम जिला इंदौर पहुँची, जहाँ से 14 जनवरी 2026 को नाबालिग बालिका को सुरक्षित बरामद किया गया। सभी वैधानिक प्रक्रियाओं के पश्चात बालिका को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
प्रकरण में बालिका के पुलिस कथन एवं न्यायालयीन साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक श्री पुनीत गेहलोद ने बताया कि वर्ष 2026 में अब तक देवास जिले में 14 नाबालिग अपहरण प्रकरण दर्ज हुए हैं, जिनमें से 11 मामलों में पुलिस को सफलता मिली है। शेष मामलों में भी खोजबीन जारी है।


