भोपाल मेट्रो परखी गई, दिवाली से पहले दौड़ने को तैयार

Amaltas

भोपाल। राजधानीवासियों को दिवाली से पहले बड़ा तोहफा मिलने जा रहा है। भोपाल मेट्रो का पहला चरण अब यात्रियों को सेवा देने के करीब पहुंच गया है। गुरुवार को दिल्ली से आई कमिश्नर ऑफ मेट्रो रेल सेफ्टी (सीएमआरएस) की टीम ने मेट्रो के रैक, ट्रैक और सुरक्षा मानकों का गहन निरीक्षण किया। यह निरीक्षण व्यावसायिक संचालन से पूर्व की अनिवार्य प्रक्रिया का अहम हिस्सा है।

मुख्य रेल संरक्षा आयुक्त (सीसीआरएस) जनक कुमार गर्ग के नेतृत्व में टीम ने सुभाष नगर से एम्स तक मेट्रो का टेस्ट रन किया। इस दौरान सुरक्षा, सिग्नलिंग, सॉफ्टवेयर, एंट्री-एग्जिट गेट्स और ट्रैक तक की बारीकी से जांच की गई।

15 अक्टूबर तक मिल सकती है हरी झंडी

मध्य प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (एमपीएमआरसीएल) के अधिकारियों ने बताया कि सीएमआरएस विजिट का पहला चरण सफल रहा है। इससे पहले रिसर्च डिजाइन एंड स्टैंडर्ड ऑर्गेनाइजेशन (आरडीएसओ) भी अपना निरीक्षण पूरा कर चुकी है। यदि सभी मानक पूरे पाए गए तो 15 अक्टूबर तक भोपाल मेट्रो को कमर्शियल रन की मंजूरी मिल सकती है।

पहला कॉरिडोर होगा शुरू

प्राथमिकता कॉरिडोर के तहत सुभाष नगर डिपो से एम्स तक 6.2 किलोमीटर लंबे रूट पर मेट्रो का संचालन प्रारंभ होगा। इस रूट के चालू होते ही राजधानीवासियों को ट्रैफिक जाम से राहत मिलने के साथ ही चंद मिनटों में गंतव्य तक पहुंचने की सुविधा मिल जाएगी।

संपादक

Enable Notifications OK No thanks