सोनकच्छ: चिकू ढाबे पर आबकारी विभाग की छापामार कार्रवाई, अवैध मदिरा जप्त

Amaltas

देवास, 26 जून 2025। देवास जिले में अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग द्वारा लगातार की जा रही सख़्त कार्रवाई के तहत बुधवार को सोनकच्छ क्षेत्र में बड़ी कार्यवाही की गई। कराड़िया फाटे स्थित चिकू ढाबे पर दबिश देते हुए विभाग की टीम ने भारी मात्रा में अवैध मदिरा जब्त की।

कलेक्टर ऋतुराज सिंह के निर्देश एवं सहायक आबकारी आयुक्त मंदाकिनी दीक्षित के मार्गदर्शन में की गई इस कार्रवाई में 07 बोतल विदेशी मदिरा (व्हिस्की) एवं 329 पाव देशी मदिरा (प्लेन) कुल 64.4 बल्क लीटर शराब जब्त की गई। बरामद शराब का बाजार मूल्य लगभग ₹31,580 आँका गया है।

ढाबा संचालक को मौके से गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध म.प्र. आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(1)(क) एवं 34(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी से पूछताछ जारी है तथा उसे अवैध शराब उपलब्ध कराने वाले अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।

मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करने वाली टीम में आबकारी उप निरीक्षक प्रेम यादव, मुख्य आरक्षक राजाराम रायकवार, आरक्षक अरविंद जिनवाल, निकिता परमार, सैनिक किशोर सिसोदिया, अनिल चोहान एवं अनिल अकोड़िया शामिल थे।

आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध मदिरा के निर्माण, परिवहन व बिक्री के विरुद्ध इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।

संपादक

+ posts
Share
Enable Notifications OK No thanks