केदारनाथ पैदल मार्ग पर हादसा, लैंडस्लाइड से तीन की मौत

रुद्रप्रयाग। गौरीकुंड-केदारनाथ पैदल मार्ग पर रविवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। चिरबासा के पास पहाड़ी से अचानक भारी मात्रा में मलबा और बोल्डर गिर गए। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि यात्रा पर जा रहे तीन तीर्थयात्री की मौत हो गई, जबकि पांच घायल हो गए। घायलों में भी दो यात्री महाराष्ट्र के व अन्य स्थानीय बताए जा रहे हैं। घायलों को उपचार के लिए गाैरीकुंड अस्पताल में भेजा गया है।
जानकारी के अनुसार, घटना सुबह साढ़े सात बजे की बताई जा रही है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। राहत एवं बचाव कार्य जारी है। हादसे में मृतकों की पहचान किशोर अरुण पराटे(31), नागपुर महाराष्ट्र, सुनील महादेव काले(24 ) जालना महाराष्ट्र, अनुराग बिष्ट, तिलवाड़ा रुद्रप्रयाग के रूप में हुई है।
बता दें कि केदारनाथ में 16 किमी लंबे गौरीकुंड-केदारनाथ पैदल मार्ग पर पल-पल भूस्खलन का खतरा रहता है। चीरबासा भूस्खलन जोन है, जहां प्रत्येक बरसात में पहाड़ी से पत्थर गिरने से दुर्घटनाएं होती रहती हैं। यहां बीते वर्ष भी पहाड़ी से भूस्खलन होने के कारण एक व्यक्ति की जान चली गई थी।

Rai Singh Sendhav

मुख्यमंत्री धामी ने जताया दुख

केदारनाथ यात्रा मार्ग पर हुए हादसे को लेकर सीएम धामी ने दुख जताया। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए लिखा’ पहाड़ी से मलबा व भारी पत्थर गिरने से कुछ यात्रियों के हताहत होने का समाचार अत्यंत दुःखद है। घटनास्थल पर राहत एवं बचाव कार्य जारी है, इस संबंध में निरंतर अधिकारियों के संपर्क में हूं। हादसे में घायल हुए लोगों को त्वरित रूप से बेहतर उपचार उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए हैं। ईश्वर दिवंगतों की आत्मा को श्री चरणों में स्थान एवं शोकाकुल परिजनों को यह असीम दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।’

चारधाम यात्रियों की संख्या घटी

उत्तराखंड में भारी बारिश होने की चेतावनी जारी की हुई है। हालांकि चारधाम यात्रियों की संख्या अब घटने लगी है, जो कि दिवाली तक चलती रहेगी। अभी श्रद्धालुओं की संख्या कम है। मानसून सीजन में भारी बारिश के कारण हो रही लैंड स्लाइड की घटनाओं के चलते लोग कम आ रहे हैं।
मौसम विभाग भी लगातार भारी बारिश होने के अलर्ट जारी कर रहा है। कुमाऊं, गढ़वाल, देहरादून, पौड़ी, चम्पावत, नैनीताल, उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, टिहरी, पिथौरागढ़, बागेश्वर, अल्मोड़ा, हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर के लिए यलो अलर्ट मौसम विभाग ने दिया है। साथ ही लोगों को नदी-नालों के पास न जाने की सलाह मौसम विभाग ने दी है।

संपादक

+ posts
Enable Notifications OK No thanks