केंद्र का नाम लेकर किसानों को गुमराह कर रही प्रदेश सरकार
अपने वचन नही निभा पा रही है सरकार…
किसानों को नही मिल रहा यूरिया, हो रही कालाबाजारी..
देवास। प्रदेश के पूर्व मंत्री लालसिंह आर्य ने कहा है प्रदेश में किसान परेशान है। 10 दिन में कर्जमाफी का वचन देनेवाली सरकार अपना वचन निभाने में नाकाम रही। 2लाख तक के कर्ज तो आजतक माफ नही हुए। प्रदेश में किसानों को खेती के लिए खाद, बीज और यूरिया तक नहीं मिल रहा है। अपनी विफलता को छुपाने के लिए प्रदेश सरकार केन्द्र पर आरोप मढ़ रही है, लेकिन जनता कांग्रेस की हकीकत जानती है। भारतीय जनता पार्टी प्रदेश के परेशान किसानों की आवाज पूरी ताकत के साथ उठायेगी और सरकार को मजबूर करेगी। श्री आर्य देवास में पत्रकारवार्ता को संबोधित कर रहे थे।

श्री आर्य ने कहा मंत्रियों के बंगलों पर रंगरोगन और सजावट पर खर्च करती है, तब उसे केन्द्र सरकार की जरूरत नहीं पड़ती। लेकिन जैसे ही किसानों को राहत राशि देने की बात आती है तो सरकार किसानों को केन्द्र सरकार के नाम पर गुमराह करने का काम करती है। श्री आर्य ने कहा कि कांग्रेस ने वचन पत्र में जो बातें कही थी, उन्हें पूरा नहीं कर पायी है। यह बात विपक्ष के नाते हम ही नहीं, बल्कि कांग्रेस के विधायक और नेता भी मानते हैं। लक्ष्मण सिंह गौड़, ज्योतिरादित्य सिंधिया सरकार की विफलता की बात कह चुके हैं। श्री आर्य ने अपनी बात रखते हुए कमलनाथ सरकार को खूब कोसा।
राजानी का पलटवार
उधर इस मामले में शहर कांग्रेस अध्यक्ष ने पलटवार करते हुए कहा कि आर्य खुद मंत्री रहे है वे अच्छे से जानते है सरकार कैसे चलती है। वे आरोप जरूर लगा रहे है किंतु दिल पर हाथ रखकर सोचे तो वे खुद मानेंगे की कमलनाथ सरकार बेहतर काम कर रही है।