भारतीय जनता पार्टी के संसदीय कार्यकर्ता सम्मेलन में बोले भाजपा प्रदेश अध्यक्ष..
देवास-शाजापुर संसदीय क्षेत्र के बड़ी संख्या में नेता और कार्यकर्ता पहुंचे…
प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह की अगुआई में हुआ सम्मेलन…
सम्मेलन में PM मोदी की \’मन की बात\’ सुनाई गई…
देवास। देवास के मंडी प्रांगण में भारतीय जनता पार्टी का संसदीय कार्यकर्ता सम्मेलन संपन्न हुआ। केंद्रीय मंत्री सीआर चौधरी और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह के आतिथ्य में हुए सम्मेलन में देवास, शाजापुर, आष्टा सहित समूचे संसदीय क्षेत्र से हजारों की तादाद में कार्यकर्ता पहुंचे। आगामी लोकसभा चुनाव में सर्वश्रेष्ठ भागीदारी के लिए भाजपा नेताओं ने कार्यकर्ताओं को जीत का मंत्र दिया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह में प्रदेश की कमलनाथ सरकार को भी आड़े हाथों लिया।

भारतीय जनता पार्टी का देवास शाजापुर संसदीय कार्यकर्ता सम्मेलन मंडी प्रांगण देवास में आयोजित किया गया। अपने कार्यकर्ताओं का हौसला बढ़ाने और उन्हें जीत का मंत्र देने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह और केंद्रीय मंत्री सी आर चौधरी विशेष रूप से उपस्थित हुए। सम्मेलन में देवास विधायक गायत्री राजे पंवार, शाजापुर से अरुण भीमावत, सुजालपुर इंदर सिंह परमार, पूर्व सांसद एवं आगर विधायक मनोहर ऊंटवाल, लोकसभा क्षेत्र के चुनाव संयोजक रायसिंह सेंधव मंच पर उपस्थित थे।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री श्री चौधरी ने कहा कि मोदी जी बातों में नहीं काम में विश्वास रखते हैं। उसी का नतीजा है पिछले साढ़े चार वर्षों में उज्जवला योजना के तहत 8 करोड़ गरीब परिवारों को गैस दी गई। सवा करोड़ बेघर लोगों को मकान बना कर दिए गए। 12 करोड़ किसानों को ₹6000 की सम्मान निधि दी जा रही है। पूर्ववर्ती सरकार में प्रतिदिन 10 किलोमीटर नेशनल हाईवे बनता था जो आंकड़ा 27 किलोमीटर पहुंच चुका है। विकास पूरे देश में दिख रहा है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह ने कार्यकर्ताओं के योगदान को सर्वश्रेष्ठ बताते हुए कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता होना गर्व की बात। केंद्र सरकार की तमाम योजनाएं हैं जिन्हें लेकर जनता के बीच पहुंचना है। प्रदेश की 7 करोड़ जनता समझ रही है कि यह कांग्रेस की सरकार झूठ, फरेब और भ्रम की सरकार है। भावांतर बंद कर दिया गया। समर्थन मूल्य बंद कर दिया गया। संबल योजना बंद कर दी गई। बुजुर्ग इस बात का इंतजार कर रहे हैं कि उनकी तीर्थ यात्रा यह सरकार कराएगी या नहीं। कर्ज माफी के नाम पर किसानों के साथ छलावा किया गया है।
लोग एक बार फिर भाजपा की ओर आशा भरी निगाहों से देख रहे हैं। निश्चित तौर पर केंद्र में फिर मोदी सरकार बनेगी। कार्यकर्ताओं को इसके लिए अभी से कमर कसना होगी। लोगों के बीच जाना होगा। हमारी सफलताएं बतानी होगी।
मोदी जी के पीएम बनने के बाद दुनिया में देश का सम्मान बढ़ गया। ये बदल हुआ भारत है। दुनिया भारत की ओर देख रही है। ये जो कायराना घटना घटी है, किसी भी सहीद के खून का एक कतरा व्यर्थ नही जाने दिया जाएगा।