बस क्रमांक MP 41 P 3377 से लंदन प्राइड के 100 क्वार्टर जब्त, युवक सहित ड्राइवर और क्लीनर भी आरोपी, बस जब्त

देवास। शराब की अवैध बिक्री और परिवहन पर आबकारी विभाग की सख्ती के बावजूद तस्करों के तरीके बदल रहे हैं। अब बसों के जरिए पार्सल के रूप में शराब की खेप भेजी जा रही है। ऐसा ही एक मामला सामने आया है, जहां इंदौर से देवास आ रही यात्री बस में शराब की पेटी पार्सल के रूप में रखकर लाई जा रही थी।
मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर आबकारी विभाग के अमले ने वन मंडल कार्यालय के सामने कार्रवाई करते हुए बस क्रमांक MP 41 P 3377 से शराब का पार्सल उतार रहे एक युवक को पकड़ा। जब पार्सल खोलकर देखा गया तो उसमें लंदन प्राइड ब्रांड के 100 क्वार्टर शराब भरे हुए मिले। जब्त शराब की कीमत करीब 17 हजार रुपए बताई गई है।
आबकारी विभाग ने मामले में आरोपी धीरज के साथ बस के ड्राइवर और क्लीनर को भी आरोपी बनाया है। कार्रवाई के दौरान बस को भी जब्त कर लिया गया।

इस कार्रवाई ने शराब के अवैध परिवहन के नए तरीके को उजागर किया है। सवाल यह भी है कि यात्री बसों में पार्सल के नाम पर क्या-क्या सामग्री बिना समुचित जांच के एक शहर से दूसरे शहर पहुंचाई जा रही है? आबकारी और पुलिस की लगातार कार्रवाई के बावजूद अवैध शराब के कारोबार में लगे लोगों के हौसले कम होते नजर नहीं आ रहे हैं।


