बागली में पिता की कुल्हाड़ी मारकर हत्या करने वाला आरोपी बेटा 12 घंटे में गिरफ्तार

Rai Singh Sendhav

पुलिस की त्वरित कार्रवाई, हथियार भी बरामद

देवास/बागली। घरेलू विवाद ने रविवार देर शाम एक परिवार को दहला दिया, जब ग्राम धावड़िया में शराब के नशे में धुत बेटे ने अपने ही पिता की कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी। घटना की सूचना मिलते ही बागली पुलिस तत्काल मौके पर पहुँची और मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी की तलाश के लिए विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने मात्र 12 घंटे में आरोपी को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी जब्त कर ली।
ऐसे हुआ पूरा घटनाक्रम
रविवार, 07 दिसंबर को थाना बागली को सूचना मिली कि ग्राम धावड़िया में सोहन भूरिया ने घरेलू विवाद के चलते अपने पिता विष्णु उर्फ वेस्ता भूरिया पर कुल्हाड़ी से हमला कर उनकी हत्या कर दी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुँचकर स्थिति का निरीक्षण किया और आरोपी के खिलाफ धारा 103(1) BNS के तहत प्रकरण दर्ज किया।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर बनी विशेष टीम
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक देवास श्री पुनीत गेहलोद ने तुरंत आरोपी की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) श्रीमती सौम्या जैन तथा एसडीओपी बागली सुश्री सृष्टि भार्गव के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक अभिनव शुक्ला के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र ने दिलाई सफलता
पुलिस टीम ने तकनीकी विश्लेषण व मुखबिरों की मदद से आरोपी की लोकेशन ट्रेस की। विश्वसनीय सूचना पर सोमवार, 08 दिसंबर की सुबह आरोपी सोहन को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने उसके कब्जे से हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली। आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
गिरफ्तार आरोपी
सोहन पिता विष्णु उर्फ वेस्ता भूरिया, उम्र 25 वर्ष, निवासी ग्राम धावड़िया, थाना बागली।

इनकी रही अहम भूमिका

इस पूरी त्वरित कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अभिनव शुक्ला, उपनिरीक्षक लोकेश कुशवाह, सहायक उपनिरीक्षक मनोज शर्मा, प्रआर यशवंत तोमर, आरक्षक अनिल डामोर, अरुण चौहान एवं महेश सिसौदिया की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पुलिस की इस तत्परता ने वारदात के बाद क्षेत्र में फैली दहशत के बीच लोगों में सुरक्षा का विश्वास फिर मजबूत किया है।

संपादक

+ posts
Enable Notifications OK No thanks