राजकीय सम्मान के साथ हुआ अंतिम संस्कार, दिया गार्ड ऑफ ऑनर…
छोटे पुत्र योगेश जोशी ने दी मुखाग्नि…
अंतिम यात्रा में उमड़ा जनसैलाब हाटपिपलिया की सड़कें पड़ी छोटी…
राष्ट्रीय और प्रदेश स्तर के कई बड़े भाजपा नेता हुए अंतिम यात्रा में शामिल…
प्रदेश के लोक निर्माण विभाग मंत्री सज्जन वर्मा और नेता प्रतिपक्ष गोपाल भार्गव भी अंतिम विदाई देने पहुंचे…
देवास।
मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री व राजनीति के संत कैलाश जोशी की पार्थिव देह आज पंचतत्व में विलीन हो गई। उनके छोटे पुत्र योगेश जोशी ने पार्थिव देह को मुखाग्नि दी।

विद्वान पंडितों द्वारा मंत्रोच्चार के साथ हुए पूर्व मुख्यमंत्री के अंतिम संस्कार में बड़ी संख्या में राजनेता प्रशासनिक अधिकारी और गणमान्य जन शामिल थे।
इसके पहले श्री जोशी के पार्थिव शरीर को भोपाल से उनके गृह ग्राम हाटपिपलिया लाया गया जहां उनकी शव यात्रा निकाली गई और राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया।
आपको बता दें प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कैलाश जोशी का रविवार को लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया था। श्री जोशी के निधन के चलते प्रदेश में तीन दिवस का राजकीय शोक घोषित किया गया है।
आज दोपहर श्री जोशी की पार्थिव देह को भोपाल से उनके गृह ग्राम हाटपिपलिया लाया गया। रास्ते में जगह-जगह और गांव गांव में लोगों ने पुष्प वर्षा कर अपने चहेते राजनीति के संत को अंतिम विदाई दी।
करीब 3:30 बजे श्री जोशी की पार्थिव देह ग्रह ग्राम हाटपिपलिया पहुंची। हाटपिपलिया में अपने चहेते जोशी बाबा के अंतिम दर्शन के लिए जनसैलाब ऐसा उमड़ा की नगर की सड़के सकरी नजर आने लगी।
अंतिम यात्रा में केंद्रीय मंत्री नरेन्द्रसिंह तोमर, प्रदेशाध्यक्ष राकेशसिंह, पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान,चेतन कश्यप , नंदकुमारसिंह चौहान , उमेश शर्मा, आशीष जी, पहाड़सिंह कन्नौजे, कैलाश विजयवर्गीय ,गोपाल भार्गव,पूर्वमंत्री कमल पटेल, ओमप्रकाश सखलेचा, रायसिंह सेंधव, मध्य प्रदेश सरकार में लोक निर्माण मंत्री सज्जन सिंह वर्मा नेता प्रतिपक्ष गोपाल भार्गव, क्षेत्रीय विधायक मनोज चौधरी सहित बड़ी संख्या में राजनेता शामिल हुए।
श्री जोशी के अंतिम संस्कार स्थल को फूलों से सजाया गया था। जहां श्री जोशी की पार्थिव देह का अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ किया गया। इस दौरान उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया गया।