RSS में हितानंद शर्मा की वापसी, MP की राजनीति में नई हलचल

Rai Singh Sendhav

भाजपा के रणनीतिक चेहरे को संघ ने सौंपी बड़ी जिम्मेदारी

मध्य क्षेत्र के सह बौद्धिक प्रमुख बने

भोपाल। मध्यप्रदेश भाजपा के संगठनात्मक ढांचे को नई दिशा देने वाले प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा की राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) में वापसी ने प्रदेश की राजनीति में हलचल तेज कर दी है। लंबे समय से चल रही चर्चाओं के बीच संघ ने उन्हें मध्य क्षेत्र का सह बौद्धिक प्रमुख नियुक्त किया है। इसे संगठन का नियमित परिवर्तन बताया जा रहा है, लेकिन इसके राजनीतिक और संगठनात्मक मायने गहरे माने जा रहे हैं।

प्रदेश संगठन महामंत्री के रूप में हितानंद शर्मा का कार्यकाल भाजपा के सबसे प्रभावशाली दौरों में शामिल रहा। उनके नेतृत्व में पार्टी ने बूथ स्तर पर मजबूत पकड़ बनाई और तकनीकी-डिजिटल सिस्टम के मामले में मध्यप्रदेश भाजपा देश की अग्रणी इकाइयों में शुमार हुई।

चुनावी जीतों के शिल्पकार

हितानंद शर्मा के कार्यकाल की सबसे बड़ी उपलब्धि 2023 के विधानसभा चुनावों में भाजपा की निर्णायक जीत रही। इसके बाद 2024 के लोकसभा चुनावों में मध्यप्रदेश की सभी 29 सीटों पर भाजपा की ऐतिहासिक क्लीन स्वीप ने उनकी संगठनात्मक रणनीति पर मुहर लगा दी। ‘बूथ जीतो, चुनाव जीतो’ का नारा उनके नेतृत्व में व्यवहारिक मॉडल बनकर उभरा।

संगठन और सत्ता के बीच संतुलन

प्रदेश में मुख्यमंत्री और पार्टी अध्यक्ष के बीच तालमेल बनाए रखना, गुटबाजी को नियंत्रण में रखना और कार्यकर्ताओं का मनोबल ऊंचा बनाए रखना उनकी बड़ी भूमिका रही। संगठन के भीतर अनुशासन और स्पष्ट कम्युनिकेशन सिस्टम उनकी पहचान बना।

RSS में क्यों अहम मानी जा रही जिम्मेदारी

संघ की परंपरा के अनुसार पदाधिकारियों को समय-समय पर नई जिम्मेदारियां देकर संगठन में ऊर्जा और ताजगी बनाए रखी जाती है। हितानंद शर्मा को मध्य क्षेत्र का सह बौद्धिक प्रमुख बनाया जाना इसी प्रक्रिया का हिस्सा है, लेकिन उनके अनुभव और रणनीतिक समझ को देखते हुए यह जिम्मेदारी संघ के लिए भी अहम मानी जा रही है।

ग्वालियर-चंबल पर मजबूत पकड़

RSS में हितानंद शर्मा को ग्वालियर-चंबल क्षेत्र में मजबूत पकड़ वाला संगठनकर्ता माना जाता है। अनुशासन, कैडर मैनेजमेंट और ग्राउंड-लेवल नेटवर्क उनकी सबसे बड़ी ताकत है। इसी अनुभव को देखते हुए उन्हें यह नई भूमिका सौंपी गई है।

संक्षिप्त प्रोफाइल

• मूल निवासी : अशोकनगर

• 2020 : स्टेट जॉइंट जनरल सेक्रेटरी

• 2022 : स्टेट जनरल सेक्रेटरी

• प्रदेश संगठन महामंत्री के रूप में लंबा कार्यकाल

• अब : RSS मध्य क्षेत्र के सह बौद्धिक प्रमुख

संपादक

+ posts
Enable Notifications OK No thanks