सोनकच्छ (संदीप गुप्ता)। आगामी दिनों में मध्य प्रदेश की 24 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव होना है। जिसके चलते कई असंतुष्ट नेता भाजपा से कांग्रेस, कांग्रेस से भाजपा में पलायन कर अपनी जगह सुनिश्चित करने में लगे हैं। इसके अतिरिक्त कई कट्टर सिंधिया समर्थक भी भाजपा की सदस्यता लेते दिखाई दे रहे। इसी कड़ी में आज पूर्व मंत्री व विधायक सज्जन सिंह वर्मा के विधानसभा क्षेत्र से सिंधिया समर्थक पूर्व जिला महामंत्री निरंजन सिंह सेंगर ने भाजपा की सदस्यता ली है। हालांकि सिंधिया समर्थक होने के चलते सेंगर के भाजपा में जाने की अटकलें बीते दो-तीन माह से राजनीतिक गलियारों में लगातार चल रही थी। वही आज 12 सिंधिया समर्थकों को मंत्रिमंडल विस्तार में जगह मिली है। जिसे देखते हुए कयास लगाया जा रहा है कि आने वाले समय में प्रदेश से बचे हुए सिंधिया समर्थक भी बड़ी संख्या में भाजपा में शामिल हो सकते हैं।


कांग्रेस के पूर्व जिला महामंत्री ने ली भाजपा की सदस्यता –
आज भोपाल में प्रदेश भाजपा कार्यालय पर कांग्रेस के पुर्व जिला महामंत्री निरंजन सिंह सेंगर ने कांग्रेस का त्याग कर भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। सेंगर लगातार 25 वर्षों से कांग्रेस के सक्रिय कार्यकर्ता रहते हुए जिला कांग्रेस महामंत्री ब्लॉक युवक कांग्रेस, पूर्व महामंत्री मध्यप्रदेश युवक कांग्रेस, पूर्व अध्यक्ष देवास जिला युवक कांग्रेस जैसे विभिन्न पदों पर पार्टी में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। अपने राजनीतिक जीवन में शुरू से ही सेेंगर सिंधिया समर्थक रहे है। जिसके चलते आज मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान व भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा की उपस्थिति में भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त राज्यसभा सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने भोपाल स्थित भारतीय जनता पार्टी प्रदेश कार्यालय पर निरंजन सिंह सेंगर को भाजपा की सदस्यता दिलवाई। इस अवसर पर मध्य प्रदेश शासन के जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, सामाजिक न्याय एवं खाद्य आपूर्ति मंत्री गोविंद सिंह राजपूत एवं नवनियुक्त मंत्री हरदीप सिंह जी डंग मौजूद रहे।
कई कांग्रेस कार्यकर्ता और जाएंगे भाजपा में !
कहा जा रहा है कि आगामी समय में शीघ्र ही सेंगर के नेतृत्व में स्थानीय भाजपा व संगठन के कार्यकर्ताओं पदाधिकारियों के साथ कार्यक्रम आयोजित कर कई कार्यकर्ताओं को भाजपा में शामिल किया जाना है।
कई असंतुष्ट भी भाजपा में जाने को तैयार !
पूर्व कांग्रेसी नेता निरंजन सिंह सेंगर के भाजपा में जाने के बाद क्षेत्र के राजनीतिक गलियारों में हलचल मच गई कहा जा रहा है कि आने वाले समय में कांग्रेस पार्टी से असंतुष्ट कई ग्रामीण कार्यकर्ता भाजपा की सदस्यता ले सकते हैं।