
शादी के 10 दिन में फरार हुई दुल्हन, तीन आरोपी गिरफ्तार
उज्जैन। जिले के भाटपचलाना थाना क्षेत्र से विवाह के नाम पर ठगी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। शादी का झांसा देकर लाखों रुपये ऐंठने वाले अंतर्राज्यीय “लुटेरी दुल्हन गैंग” का भाटपचलाना पुलिस ने पर्दाफाश किया है। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने लुटेरी दुल्हन सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी शादी के कुछ ही दिनों बाद फरार होकर लोगों को ठगने का तरीका अपनाते थे।
शादी कराने के नाम पर 1.40 लाख की डील
पुलिस के अनुसार, 29 जनवरी 2026 को फरियादी दिलीप धानुका निवासी ग्राम मसवाडिया ने थाने में शिकायत दर्ज कराई। फरियादी ने बताया कि विवाह के लिए लड़की की तलाश के दौरान उसकी मुलाकात मुकेश धानुका और लखन बलाई से हुई। दोनों ने पायल क्षारिया निवासी भोपाल से विवाह कराने का प्रस्ताव दिया और इसके बदले 1 लाख 40 हजार रुपये की मांग की गई।
समझौते के तहत फरियादी ने 90 हजार रुपये नकद दे दिए, जबकि शेष राशि बाद में देने की बात तय हुई। इसके बाद 19 जनवरी 2026 को ग्राम गजनीखेड़ी में विवाह की रस्में पूरी कराई गईं।
अतिरिक्त पैसों की मांग, फिर फरारी
शादी के महज 8 से 10 दिनों के भीतर ही पायल ने अतिरिक्त पैसों की मांग शुरू कर दी। जब फरियादी ने और रकम देने से इनकार किया, तो 29 जनवरी 2026 को पायल, मुकेश के साथ मौका पाकर घर से फरार हो गई। घटना के बाद फरियादी ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
त्वरित कार्रवाई, तीनों आरोपी गिरफ्त में
मामले की गंभीरता को देखते हुए भाटपचलाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए लुटेरी दुल्हन पायल क्षारिया सहित मुकेश धानुका और लखन बलाई को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पूछताछ में यह आशंका जताई जा रही है कि गिरोह ने इससे पहले भी इसी तरह की कई वारदातों को अंजाम दिया हो सकता है।
पुराने मामलों की भी जांच
पुलिस अब आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड खंगाल रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि गैंग ने मध्यप्रदेश सहित अन्य राज्यों में कितने लोगों को विवाह के नाम पर ठगा है। मामले में आगे और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

