पेट्रोल पंप लूट का 15 दिन में खुलासा, 4 आरोपी गिरफ्तार

देवास। शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में पेट्रोल पंप के कैशियर से हुई करीब दो लाख रुपये की सनसनीखेज लूट का पुलिस ने महज 15 दिनों में खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए लूटी गई शत-प्रतिशत संपत्ति बरामद कर ली है। पुलिस की “ऑपरेशन त्रिनेत्रम” पहल और सीसीटीवी फुटेज ने इस पूरे मामले के खुलासे में अहम भूमिका निभाई।

Rai Singh Sendhav

घटना का विवरण

नायरा पेट्रोल पंप, उज्जैन रोड इटावा, देवास पर कार्यरत आनंद देशमुख (निवासी शिवशक्ति नगर) पेट्रोल-डीजल बिक्री का हिसाब-किताब देखते हैं। 13 दिसंबर की रात करीब 11:30 बजे वे चारों प्वाइंट का हिसाब—₹1,99,980 नकद—काले रंग के बैग में रखकर घर लौट रहे थे। बीमा चौराहे के आगे एक बाइक पर सवार तीन युवकों ने उनसे बैग छीनने की कोशिश की। धक्का देने से फरियादी गिर पड़ा और आरोपियों ने बैग छीनकर फरार हो गए। घटना में फरियादी को घुटने और हथेली में चोटें आईं।

फरियादी की रिपोर्ट पर थाना सिविल लाइन में अपराध क्रमांक 669/2025 धारा 309(6) व 61 बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।

सीसीटीवी और मुखबिरों से खुला राज

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक देवास श्री पुनीत गेहलोत के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) श्री जयवीर सिंह भदौरिया और नगर पुलिस अधीक्षक श्री सुमित अग्रवाल के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक श्री हितेश पाटिल के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।

टीम ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, मुखबिरों को सक्रिय किया और पेट्रोल पंप कर्मचारियों से पूछताछ की।

25 दिसंबर को मुखबिर की सूचना पर पेट्रोल पंप के कर्मचारी सूरज उर्फ सुर्या परमार को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में उसने प्रेम संबंध और विवाह के लिए पैसों की जरूरत के चलते लालच में आकर अपने साथियों को कैशियर की दिनचर्या की जानकारी देने की बात स्वीकार की। इसी जानकारी के आधार पर अरुण उर्फ करण, मोहित उर्फ कालीचरण और विकास उर्फ तेजा को भी गिरफ्तार कर लिया गया।

जप्ती और बरामदगी

पुलिस ने लूट में प्रयुक्त बिना नंबर की बजाज पल्सर एनएस बाइक, लूटा गया काला बैग, पेट्रोल पंप की पर्चियां, फरियादी का आधार कार्ड और नकद ₹1,16,700 बरामद किए। साथ ही लूट की रकम से खरीदा गया पेटी-पलंग, वॉशिंग मशीन, सोने का मंगलसूत्र पेंडेंट, चांदी की अंगूठी, पांव की बिछिया भी जप्त की गई। दो आरोपियों के बैंक खातों में जमा कुल ₹39,000 की राशि होल्ड कराई गई।

देवास पुलिस का रिकॉर्ड

उल्लेखनीय है कि वर्ष 2025 में देवास जिले में दर्ज 17 लूट के सभी मामलों का पुलिस ने खुलासा करते हुए 100 प्रतिशत मश्रुका बरामद किया है। वहीं, संपत्ति संबंधी अपराधों में भी पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए चोरी गई ₹7.4 करोड़ की संपत्ति में से ₹5.92 करोड़ (लगभग 80 प्रतिशत) की बरामदगी की है।

संपादक

+ posts
Enable Notifications OK No thanks