
अब टोकन नहीं, मोबाइल लिंक से होगी बुकिंग
उज्जैन। श्री महाकालेश्वर मंदिर में प्रोटोकॉल से दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं के लिए अब नई डिजिटल व्यवस्था लागू कर दी गई है। पहले नंदी हॉल से दर्शन के लिए प्रोटोकॉल अधिकारी के मोबाइल पर नाम और नंबर भेजकर टोकन मिलता था, लेकिन अब यह प्रक्रिया पूरी तरह समाप्त कर दी गई है।
नई प्रणाली के तहत पंजीकृत मोबाइल नंबर पर श्रद्धालु को एक लिंक भेजा जाएगा। इस लिंक पर क्लिक कर 250 रुपये का शुल्क ऑनलाइन जमा करने के बाद दर्शन की तिथि और समय स्वतः मिल जाएगा। सफल भुगतान की पुष्टि मिलते ही श्रद्धालु निर्धारित समय पर प्रोटोकॉल दर्शन कर सकेंगे। यह व्यवस्था मंदिर में पहले से चल रही भस्म आरती की ऑनलाइन बुकिंग प्रणाली की तर्ज पर शुरू की गई है।
मंदिर के सहायक प्रशासक मूलचंद जूनवाल ने बताया कि “नई व्यवस्था से न केवल पूरी प्रक्रिया पारदर्शी और सरल होगी, बल्कि डिजिटल रिकॉर्ड से प्रबंधन को भी सुविधा मिलेगी। इससे श्रद्धालुओं का समय बचेगा और किसी भी तरह की अनियमितताओं पर अंकुश लगेगा।”
नई व्यवस्था लागू होने के बाद प्रोटोकॉल दर्शन में पारदर्शिता बढ़ी है और श्रद्धालुओं को सहज अनुभव मिल रहा है। मंदिर प्रबंधन का मानना है कि यह कदम महाकाल मंदिर में डिजिटलाइजेशन और सुचारु व्यवस्था की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगा।
मुख्य बिंदु
मुख्य बिंदु
• अब टोकन नहीं, मोबाइल लिंक से होगी बुकिंग
• 250 रुपये शुल्क ऑनलाइन जमा करना होगा
• लिंक पर सफल भुगतान के बाद दर्शन की तिथि-समय मिलेगा
• डिजिटल रिकॉर्ड से पारदर्शिता व प्रबंधन को सुविधा
• अनियमितताओं और समय की बर्बादी पर लगेगी रोक

